आदित्य धर की फिल्म धुरंधर ने इंडियन ऑडियंस की रातों की नींद उड़ा दी थी. इसमें जिस तरह स्पाई वाली कहानी दिखाई गई, वो देखकर हर कोई हैरान रह गया. मूवी की स्टोरी, विजुअल्स और गानों की खूब बातें हुई. डायरेक्टर के काम की भी जमकर तारीफें हुईं. फिल्म को रिलीज हुए महीने बीत गए, मगर इसका नशा लोगों के सिर से नहीं उतरा है.
धुरंधर के दोनों पार्ट्स ने वर्ल्डवाइड तगड़ी कमाई की थी. इस फिल्म की कुल कमाई 3000 करोड़ रुपये के पार पहुंची थी. अब ये फिल्म जापान में भी रिलीज हो गई है. बीते शुक्रवार 10 जुलाई को फिल्म वहां के थिएटर्स में लगी. ऐसे में इस बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर मूवी ने जापान में कैसा परफॉर्म किया? आइए, आपको बताते हैं.
खराब रहा धुरंधर का ओपनिंग डे
फिल्म धुरंधर के पहला पार्ट ने जापान में उम्मीद से काफी निराशाजनक परफॉर्म किया है. इसका फर्स्ट डे कलेक्शन अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर पुष्पा 2 के बराबर कमजोर रहा है. जापान ट्रेड वेबसाइट मिमोरिन के अनुसार, रणवीर सिंह की धुरंधर जापान में रिलीज के दिन टॉप 25 फिल्मों की रैंकिंग में जगह नहीं बना सकी.
फिल्म की शुरुआत अच्छी रही और दोपहर 2 बजे तक 57 थिएटरों में इसके 449 फुटफॉल्स (ऑडियंस) रिकॉर्ड हुए. लेकिन दिन के दूसरे हिस्से में फिल्म की रफ्तार पूरी तरह धीमी पड़ गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, धुरंधर को कुल 80 थिएटर्स में लगाया गया था, फिर भी इसे उम्मीद के मुताबिक ऑडियंस नहीं मिली.
पुष्पा 2 के बराबर मिली ऑडियंस
हालांकि अभी तक ऑफिशियल आंकड़े सामने नहीं आए हैं. लेकिन माना जा रहा है कि आदित्य धर की फिल्म को पहले दिन 900 से भी कम फुटफॉल्स मिले. इससे पहले जनवरी 2026 में अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 का भी जापान में कुछ ऐसा ही हाल हुआ था. वो फिल्म रिलीज से पहले काफी चर्चा में थी, लेकिन 68 थिएटर्स में लगी पुष्पा 2 को देखने पहले दिन सिर्फ 886 ऑडियंस ही पहुंची थी.
इसी वजह से अल्लू अर्जुन की फिल्म भी टॉप 10 लिस्ट में जगह नहीं बना सकी और इंडियन फिल्मों की रैंकिंग में वो रणबीर कपूर की फिल्म ब्रह्मास्त्र जिसके 1.01 हजार फुटफॉल्स रहे, उससे भी पीछे रह गई थी. अब धुरंधर भी जापान में इंडियन फिल्मों की सबसे ज्यादा ओपनिंग फुटफॉल वाली टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट में शामिल नहीं हो पाई.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क