मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) ने दुनियाभर में वो कारनामा कर दिखाया, जो आज से 17 साल पहले आई जेम्स कैमरून की अवतार ने किया था. बॉक्स ऑफिस पर अवतार अभी तक सबसे कमाऊ फिल्म थी, जिसका रिकॉर्ड अब एवेंजर्स एंडगेम ने फिर से तोड़ा है. हाल ही में रिलीज हुई एवेंजर्स एंडगेम एनकोर सिनेमाघरों में वापस रिलीज हुई थी, जिसने अवतार के लाइफटाइम कलेक्शन को मात दी.
अवतार से आगे निकले एवेंजर्स
मार्वल ने एवेंजर्स एंडगेम को एनकोर नाम से दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया था. इस री-रिलीज में फिल्म को अतिरिक्त कमाई का फायदा मिला और इसकी कुल ग्लोबल कमाई इतनी बढ़ गई कि ये फिर से नंबर 1 पर पहुंच गई. एंडगेम ने 2019 में रिलीज होने के बाद ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था.
उस समय भी फिल्म ने अवतार का करीब 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का खिताब हासिल किया था. हालांकि बाद में अवतार की साल 2021 में री-रिलीज के चलते फिल्म ने ये रिकॉर्ड वापस अपने नाम कर लिया था. जेम्स कैमरून ने अपनी अवतार सीरीज की दूसरी फिल्म अवतार वे ऑफ वॉटर से पहले साल इसे थिएटर्स में री-रिलीज किया था. इसके चलते अवतार ने दुनियाभर में कुल 2.923 बिलियन डॉलर कमाए थे.
लेकिन अब ठीक पांच साल बाद एवेंजर्स एंडगेम एनकोर की कमाई ने एक बार फिर बाजी पलट दी है. अवतार को पछाड़कर अब इसकी वर्ल्डवाइड कमाई 2.925 बिलियन डॉलर हो गई है. ये एक खास मोमेंट है क्योंकि मार्वल के फैंस अपनी फिल्मों को सेलिब्रेट काफी लंबे वक्त से करना चाहते थे. ये मौका उन्हें एवेंजर्स एंडगेम एनकोर ने दिया.
एवेंजर्स एंडगेम एनकोर की सफलता का एक और कारण MCU की आने वाली फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे भी है. ये अभी तक कि सबसे ज्यादा हाईप की जाने वाली मूवी है, जो 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. इसका सीधा मुकाबला ड्यून पार्ट 3 से होगा. डूम्सडे में रॉबर्ट डाउनी जूनियर मेन विलेन के रूप में नजर आने वाले हैं, जो इस फिल्म की सबसे बड़ी हाइलाइट में से एक है. देखना दिलचस्प होगा कि डूम्सडे कमाई के मामले में और कितने रिकॉर्ड बनाती और तोड़ती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क