अमेजन के मालिक जेफ बेजोस विवादो में बने हुए हैं. उन्हें इंटरनेशनल फैशन इवेंट मेट गाला का लीड स्पॉन्सर बनाया जाना क्रिटिसिज्म का मुद्दा बन गया है. उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं. बात इतने आगे बढ़ गई कि एक एक्टिविस्ट ग्रुप ने यूरिन की फेक बोतलें जेफ बोजेस का चेहरा लगाकर मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में फेंकीं. इंटरनेट पर जेफ की फोटो लगी इन 'यूरिन' बोतलों की तस्वीरें वायरल हो रही हैं.
ग्रुप 'एवरीवन हेट्स एलन' ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि MET गाला म्यूजियम जेफ को बुलाकर मजाक कर रहा है. ये भी क्लियर किया कि बोतलों में यूरिन नहीं बल्कि पानी और कलर मिला हुआ था. ग्रुप ने पोस्ट में बताया कि उनका ये यूरिन प्रोटेस्ट अमेजन के मालिक की उन हरकतों पर रोशनी डालता है जहां पर अमेजन में काम करने वालों को बोतल में पेशाब करने के लिए फोर्स किया जाता है. न्यूयॉर्क के प्रदर्शनकारियों ने मेट गाला इवेंट में जेफ और उनकी पत्नी लॉरेन सांचेज को गेस्ट ऑफ ऑनर बनाए जाने के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है.
सबवे कारों और बिल्डिंग्स के बाहरी हिस्सों पर, जिसमें बेजोस का मैडिसन स्क्वायर पेंटहाउस भी शामिल है, बॉयकॉट के मैसेज देखने को मिले. उनके पेंटहाउस की बिल्डिंग पर एक 72 साल के अमेजन वर्कर का वीडियो सामने दिखाया गया. इसमें लिखा है- अगर तुम मेट गाला खरीद सकते हो, तुम ज्यादा टैक्स भी दे सकते हो. ट्रंप के बिलिनेयर लोगों के लिए कोई रेड कारपेट नहीं.
न्यूयॉर्क में बेजोस को ट्रोल करते हुए कई पोस्टर्स देखने को मिले. किसी ने मेट गाला को बेजोस गाला कह दिया. पोस्टर पर लिखा है- बेजोस गाला, जो पेश करते हैं वर्कर्स का शोषण या ऐसी कंपनी जो ICE को ताकत देती है. पोस्टर में टीयर गैस के कंटेनर भी लगे हैं. लोगों का आरोप है कि अमेजन के फाउंडर बेजोस टैक्स नहीं चुकाते, वो ICE को बढ़ावा देते हैं और ट्रंप को सपोर्ट करते हैं.
किस बात से नाराज हैं प्रदर्शनकारी?
अमेजन कंपनी के फाउंडर पर आरोप है कि उनकी कंपनी के वर्क कंडीशन मानवता के खिलाफ हैं. कंपनी के रूल और एथिक्स पर लोगों ने सवाल उठाए हैं. कंपनी के काम करने के तरीकों से लोग नाराज हैं. दावा है कि कंपनी ने वर्कर्स के लिए लिमिटेड बाथरूम ब्रेक्स को सेट किया है. इसे लोगों ने वर्कर्स के शोषण से जोड़ा है.
जेफ बेजोस पत्नी लॉरेन के साथ मेट गाला इवेंट में छिपकर शामिल हुए थे. जहां उनकी पत्नी ने रेड कारपेट पर अपीयरेंस दी. उनके साथ बेजोस नजर नहीं आए. लोगों का कहना है अपने खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन की वजह से बेजोस ने पैप्स से दूरी बनाने की ठानी. कपल 2024 में भी मेट गाला इवेंट में नजर आया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क