बॉलीवुड में जासूसी, देशभक्ति और कॉमेडी का तड़का लगाने आई आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है. 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों से मिले-जुले रिव्यू मिल रहे हैं. कोई इसे जबरदस्त फैमिली एंटरटेनर बता रहा है, तो किसी को यह सिर्फ एक बार देखने लायक फिल्म लग रही है. फिल्म को लेकर पब्लिक की राय बंटी हुई है.
पाकिस्तानी जासूस बने आयुष्मान, देशभक्ति के साथ कॉमेडी का तड़का
फिल्म की कहानी एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारतीय खुफिया एजेंसी का अफसर समझने लगता है. इसके बाद शुरू होता है पहचान का ऐसा खेल, जिसमें देशभक्ति, गलतफहमियां और मजेदार हालात एक साथ देखने को मिलते हैं. दर्शकों को फिल्म का यही अनोखा कॉन्सेप्ट पसंद आ रहा है.
फिल्म देखने वाले एक दर्शक ने आयुष्मान की कॉमेडी और देशभक्ति वाले एंगल की तारीफ की. उसने लिखा कि निर्देशक आकाश ए. कौशिक ने दोनों पहलुओं को अच्छे से दिखाने की कोशिश की है. दर्शक ने राहुल बोस और मुकुल देव के किरदारों को भी मजेदार बताया और परिवार के साथ फिल्म देखने की सलाह दी.
क्लाइमैक्स ने उड़ाए होश? ‘दृश्यम’ और ‘धुरंधर 2’ से हुई तुलना
एक दूसरे दर्शक ने ‘उड़ता तीर’ को चार स्टार देते हुए इसके क्लाइमैक्स की जमकर तारीफ की. उसके मुताबिक, फिल्म का पहला हाफ हंसाता है, जबकि दूसरे हाफ में कहानी दिलचस्प मोड़ लेने लगती है. आखिरी 20 मिनट में आने वाले ट्विस्ट को उसने ‘दृश्यम’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्मों से जोड़कर देखा. हालांकि, यह तुलना उस दर्शक की निजी राय है.
मुकुल देव और राहुल बोस की एक्टिंग पर फिदा हुए दर्शक
सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों ने फिल्म की कॉमेडी और कलाकारों की तारीफ की है. राहुल बोस और दिवंगत मुकुल देव के काम को खास तौर पर पसंद किया जा रहा है. वहीं सुहैल नैय्यर को भी अच्छा रोल मिलने की बात कही गई. सारा अली खान और स्मिता तांबे के काम को एक दर्शक ने ठीक बताया, जबकि राम कपूर, बृजेंद्र काला और गुलशन ग्रोवर ने भी कहानी में मनोरंजन बढ़ाया.
हर किसी को नहीं भायी फिल्म, किसी ने कहा- सिर्फ टाइमपास
जहां कुछ दर्शक ‘उड़ता तीर’ को आयुष्मान की बेहतरीन फिल्मों में से एक बता रहे हैं, वहीं एक यूजर ने इसे 2.5 स्टार देकर सिर्फ एक बार देखने लायक कॉमेडी फिल्म बताया. इससे साफ है कि फिल्म का ह्यूमर और कहानी हर किसी को एक जैसा पसंद नहीं आ रहे हैं. शुरुआती सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं के आधार पर अभी इसे दर्शकों की सर्वसम्मत पसंद कहना जल्दबाजी होगी.
करण जौहर की फिल्म में सितारों की लंबी फौज
करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन द्वारा निर्मित इस फिल्म में आयुष्मान और सारा के साथ रघुबीर यादव, राहुल बोस, मुकुल देव, राम कपूर, सुहैल नैय्यर, सुप्रिया पिलगांवकर और गुलशन ग्रोवर जैसे कलाकार भी हैं. फिल्म की कहानी और निर्देशन आकाश ए. कौशिक ने संभाला है. अब देखना होगा कि शुरुआती मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बीच ‘उड़ता तीर’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी ऊंची उड़ान भरती है.
आजतक ने उड़ता तीर फिल्म को 3 स्टार्स दिए हैं. हमारे मुताबिक ये फिल्म एक पैसा वसूल, फैमिली एंटरटेनर है. फिल्म कहीं भी भद्दे का जोक्स का इस्तेमाल नहीं किया गया है, वहीं कास्ट की एक्टिंग और कॉमिक टाइमिंग अच्छी लगी है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क