एक्टर टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को हमला किया गया. फायरिंग में वो सुरक्षित हैं. उनपर जेल में बैठे लॉरेंस बिश्नोई ने अपने गुर्गों के जरिए हमला करवाया था. एक्टर पर हुए हमले के बाद से पूरी इंडस्ट्री शॉक्ड है. मुंबई में फिल्मी सितारों की सुरक्षा प्रशासन के लिए बड़ा मुद्दा बन गई है.
इस बीच इंटरनेट पर टाइगर को लेकर कई फेक बयान और वीडियो वायरल हो रहे हैं. इसके खिलाफ एक्टर की टीम की तरफ से लीगल एक्शन लेने की बात कही गई है.
टाइगर की टीम का रिएक्शन
गोलीकांड के बाद टाइगर श्रॉफ की टीम की तरफ से ऑफिशियल बयान जारी किया गया है. जिसमें लिखा है- हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि टाइगर श्रॉफ ने अभी तक न कोई बयान दिया है, न कोई वीडियो जारी किया है और न ही इस घटना या इससे जुड़े किसी भी घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक बातचीत की है. हमें जानकारी मिली है कि कई सोशल मीडिया पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मनगढ़ंत कहानियां फैलाई जा रही है.
टाइगर श्रॉफ के नाम से AI वीडियो और स्क्रिप्टेड नैरेटिव सेट किया जा रहा है. ये सब पूरी तरह झूठी चीजें हैं. जिन्हें लोगों को गुमराह करने के इरादे से बनाया गया है. स्टेटमेंट में आगे लिखा है- हम इस तरह के किसी भी कंटेंट को सपोर्ट नहीं करते और न ही इससे हमारा कोई संबंध है. हम मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पेजों से अपील करते हैं कि वे कोई भी जानकारी पब्लिश करने से पहले उसकी जांच करें. कोई भी गलत जानकारी को अपने फायदे के लिए पब्लिश ना करें.
पोस्ट में बताया गया है कि ऐसे झूठे कंटेंट को बनाने, उसे प्रमोट करने और सर्कुलेट करने वाले किसी व्यक्ति या पेज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. टाइगर की टीम की तरफ से ऐसे फर्जी मामलों पर नजर रखी जा रही है. आखिर में लोगों से अपील की गई है कि टाइगर श्रॉफ और उनकी टीम की तरफ से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
दूसरी तरफ, हमले के बाद टाइगर की सिक्योरिटी कड़ी कर दी गई है. इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से कई सेलेब्स को फायरिंग कर डराया धमकाया गया है. इस लिस्ट में सलमान खान, रोहित शेट्टी का नाम शामिल हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क