दिल्ली के जंतर मंतर पर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 18 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं. कई सेलेब्स ने वांगचुक की हालत पर चिंता जताते हुए रिएक्ट किया है. अभय देओल, नसीरुद्दीन शाह, ओमी वैद्य, रुबीना दिलैक, जीनत अमान जैसे सितारों ने सोनम वांगचुक का सपोर्ट किया है. इस फेहरिस्त में स्वरा भास्कर भी शामिल हो गई हैं. मंगलवार को स्वरा जंतर-मंतर पहुंचीं.
वांगचुक से मिलीं स्वरा भास्कर
एक्ट्रेस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को सपोर्ट किया. यहां उन्होंने वैज्ञानिक सोनम वांगचुक से भी मुलाकात की. मालूम हों, वांगचुक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. जंतर-मंतर से लौटने के बाद स्वरा भास्कर ने वांगचुक और अभिजीत दिपके संग मुलाकात की तस्वीरों को इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया. एक तस्वीर में वो कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके से मिलती दिखीं. फोटो के साथ स्वरा ने लिखा- हमारे बच्चों के भविष्य के लिए लड़ने के लिए आपका शुक्रिया.
दूसरी फोटो में स्वरा, सोनम वांगचुक से मुलाकात करते हुए नजर आईं. इस फोटो के साथ उन्होंने लिखा, सोनम वांगचुक सर हमारे बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं. उन्हें मेरा पूरी तरह से समर्थन है. मैं उनका आभार जताती हूं.
सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर कई सेलेब्स चिंता जता चुके हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से वांगचुक की मांगों पर बातचीत करने की अपील की है. फिल्म 3 इडियट्स में चतुर रामलिंगम का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने भी इस भूख हड़ताल के बारे में आवाज उठाने की अपील की है.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की बात करें तो वो देश की शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों, खासकर परीक्षा पेपर लीक और भर्ती विवादों के खिलाफ प्रोटेस्ट कर रही है. उनकी मांग है कि इन सभी मामलों की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपना इस्तीफा सौंपना चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों को लेकर निष्पक्ष जांच, एजुकेशन सिस्टम में सुधार और छात्रों को बिना भेदभाव किए अवसर देने की मांग की है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क