बॉलीवुड की 'फैशनिस्टा' सोनम कपूर के घर इन दिनों खुशियों का माहौल है. मदर्स डे से ठीक एक दिन पहले, शनिवार को सोनम ने अपने फैंस के साथ एक बेहद ही प्यारी खबर शेयर की है. एक्ट्रेस ने आखिरकार अपने दूसरे बेटे के नाम का खुलासा कर दिया है.
सोनम और आनंद आहूजा ने अपने नन्हे मेहमान का नाम बेहद सोच-समझकर और भारतीय वेदों से जोड़कर रखा है. सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत पारिवारिक तस्वीर शेयर करते हुए सोनम ने न केवल नाम बताया, बल्कि इसके पीछे छिपी गहरी आध्यात्मिक वजह भी समझाई.
सोनम के छोटे बेटे का नाम
सोनम कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपने बेटे का नाम 'रुद्रलोक कपूर आहूजा' अनाउंस किया. उन्होंने अपने छोटे बेटे के बर्थ को बड़े बेटे वायु कपूर आहूजा के साथ एक 'दिव्य मिलन' बताया. सोनम ने लिखा, 'उस दिव्य शक्ति की भावना में, जिसने एक बार फिर हमारे जीवन को बदल दिया है. एकादशी के पवित्र दिन, भगवान विष्णु की कृपा से जन्मा हमारा दूसरा बेटा, हमें एक संकेत, एक कर्मिक जुड़ाव, अपने भाई के साथ एक दिव्य जोड़ी और एक ऐसा आशीर्वाद लगता है, जिसका हम तहे दिल से सम्मान करते हैं. प्रेम और कृतज्ञता के साथ, हम स्वागत करते हैं- रुद्रलोक कपूर आहूजा का.
नाम का बताया मतलब
एक्ट्रेस ने आगे बेटे के नाम का मतलब बताते हुए लिखा, 'वेदों में, रुद्र (रुद्र)—जो 'रुद' धातु से बना है, जिसका अर्थ है 'गर्जना करना'—शक्तिशालियों में सबसे शक्तिशाली हैं. वह जो दुखों को उनके मूल से ही मिटा देते हैं; तूफानों, श्वास, उपचार और नवजीवन के पीछे की दिव्य शक्ति. उनका गहरा जुड़ाव वायु से है—वह प्राण शक्ति जो सभी जीवों में प्रवाहित होती है. हमारा पहला बेटा भगवान विष्णु का नाम धारण करता है—जो जीवन के पालनहार हैं. रुद्र के आगमन के साथ, एक पवित्र निरंतरता उभरती है. श्वास और शक्ति. संरक्षण और रूपांतरण. एक, दूसरे को और अधिक सशक्त बनाता है.'
फैंस ने लुटाया प्यार
सोनम की इस पोस्ट पर बॉलीवुड सेलेब्स ने जमकर प्यार बरसाया. बिपाशा बसु ने इमोजी के जरिए अपना प्यार जाहिर किया और बुरी नजर से बचाने वाला इमोजी (Evil Eye) भी कमेंट में भेजा. वहीं सोफी चौधरी और अन्य दोस्तों ने परिवार को ढेर सारी शुभकामनाएं और दुआएं दीं.
सोनम कपूर और आनंद आहूजा साल 2018 में शादी के बंधन में बंधे थे. साल 2022 में उन्होंने अपने पहले बेटे वायु का स्वागत किया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क