सोहेल खान और सीमा सजदेह एक समय पर इंडस्ट्री के पावर कपल थे. दोनों ने साल 1998 में लव मैरिज की थी. शादी के बाद उनके घर दो बेटों का जन्म हुआ. मगर फिर वक्त के साथ दोनों के रिश्ते में दूरियां आने लगीं और साल 2022 में सोहेल-सीमा तलाक लेकर अलग हो गए.
मगर तलाक के बाद भी दोनों के रिश्ते में कोई कड़वाहट नहीं आई. सीमा-सोहेल आज भी एक दूसरे संग काफी क्लोज और फ्रेंडली बॉन्ड शेयर करते हैं. इन दिनों सीमा और सोहेल रियलिटी शो अलायंस में दिखाई दे रहे हैं. दोनों का खूबसूरत बॉन्ड फैंस का दिल जीत रहा है.
सोहेल-सीमा की कैसे शुरू हुई थी लव स्टोरी?
अलायंस शो में सोहेल अक्सर एक्स वाइफ सीमा के बारे में बात करते हुए दिखाई देते हैं. अब शो से एक क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें सोहेल एक्स वाइफ सीमा संग अपनी लव स्टोरी पर बात करते हुए नजर आए.
कुशाल टंडन, सोहेले से पूछते दिखे- आप और सीमा पहली बार कैसे मिले थे? इसपर सोहेल बोले- दिल्ली में एक शादी में मिले थे. शायद उनके घरवालों को भनक लग गई थी और वो उनसे काफी नाराज हुए थे. उनके माता-पिता की वजह से हम खुद को किसी तरह की नेगेटिविटी में नहीं डालना चाहते थे. इसलिए इसके बाद चार महीने तक हमारी कोई बात नहीं हुई.
सोहेल ने बताया कि उनकी लव स्टोरी ने तब एक नया मोड़ लिया जब मुंबई के एक रेस्टोरेंट में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई. सोहेल बोले- एक खूबसूरत रात, मैं अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था, तभी वो अंदर आईं. यही वो पल था जब हम फिर से मिले. तब सीमा ने खुलासा किया था कि उनकी किसी और से एंगेजमेंट हो चुकी है. सोहेल ने भी कबूला था कि वो जानकर उनसे दूरी बनाकर रख रहे थे.
सोहेल ने बताया कि सीमा की सगाई का पता लगने पर उन्होंने उन्हें सलाह दी थी कि वो उनसे न मिलें. सोहेल ने वो पल याद करते हुए कहा- मैंने उससे कहा था- अब तुम्हारी सगाई किसी और से हो चुकी है, तो लोग बातें बना सकते हैं, इसलिए बेहतर यही होगा कि तुम मुझसे न मिलो. सोहेल के मुताबिक, इसके बाद सीमा ने कबूल किया था कि वो अपनी सगाई से खुश नहीं थीं.
एक हफ्ते में हुई थी शादी
सोहेल ने कहा कि इसके कुछ ही समय बाद, सीमा अपने फैमिली फ्रेंड्स चंकी पांडे और चिक्की पांडे के घर चली गई थीं, जबकि उनका परिवार उन्हें ढूंढ रहा था. सोहेल ने ही उनके परिवार को बताया था कि सीमा कहां हैं, जिसके बाद दोनों परिवारों की अच्छी मुलाकात हुई. सोहेल ने कहा- मैंने सीमा से कहा था- जाओ और अपने पापा से मिलो. मगर सीमा उन्हें गले लगाकर रोने लगी थीं.
सोहेल ने आगे खुलासा किया कि सीमा के पिता ने उन्हें यह कहकर चौंका दिया था कि वो दोनों हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करें. इसके अलावा सीमा के पिता ने सोहेल को जिंदगी का अहम कदम उठाने से पहले अपने परिवार का आशीर्वाद लेने की भी सलाह दी थी.
सोहेल ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि उनके पिता सलीम खान इस पर कैसे रिएक्ट करेंगे. लेकिन फिर दोनों परिवारों की सहमति से ही उनकी शादी हुई थी. कुशाल टंडन ने यह भी पूछा कि उन्हें शादी करने में कितना समय लगा था? इसपर सोहेल ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया- एक हफ्ता.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क