मुंबई में सितारों की सुरक्षा हमेशा एक बड़ा मुद्दा रही है. जनवरी 2025 में सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में हुई चोरी की कोशिश और उन पर चाकू से हुए जानलेवा हमले ने पूरी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था. इस घटना में सैफ को गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. अब इसी कड़ी में सैफ की बहन और एक्ट्रेस सोहा अली खान ने अपने साथ हुई एक पुरानी लेकिन डरावनी घटना को याद किया है.
सोहा ने बताया कि सैफ से पहले उनके घर में भी सेंधमारी हो चुकी है. उस वक्त सोहा काफी डर गई थीं, लेकिन उनके पति कुणाल खेमू ने अकेले ही उस चोर का डटकर मुकाबला किया और उसे भागने नहीं दिया.
सोहा अली खान का खुलासा
सोहा अली खान ने हाल ही में युवा को दिए पॉडकास्ट के दौरान उस रात का जिक्र करते हुए अपनी कमजोरी को खुलकर स्वीकार किया. सोहा ने बताया कि जब उनके घर में चोर घुसा, तो वे हिम्मत दिखाने के बजाय एक कोने में खड़ी होकर रोने लगी थीं. सोहा के मुताबिक, वह पल उनकी जिंदगी के सबसे अच्छे पलों में से नहीं था. उन्होंने कहा, 'शायद मैं दुनिया की सबसे बहादुर इंसान नहीं हूं. जब भी ऐसी कोई अचानक घटना होती है, तो मेरा दिमाग सुन्न हो जाता है और काम करना बंद कर देता है.' हालांकि, सोहा ने खुद का बचाव करते हुए यह भी कहा कि वह आधी रात का समय था और वे इस तरह के हमले के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं.
जब कुणाल ने पकड़ा था चोर
यह घटना साल 2011 की है, जब सोहा और कुणाल एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. सोहा उस समय मुंबई में अपने एक फ्लैट की पहली मंजिल पर रहा करती थीं. सोहा ने बताया कि उनका घर सड़क के एकदम करीब था, जिससे वहां पहुंचना आसान था. एक रात करीब 4 बजे अचानक उन्हें घर के बाहर से कुछ अजीब और संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं. कुणाल ने जब सतर्क होकर जाकर देखा, तो वहां एक घुसपैठिया घर के अंदर दाखिल होने की कोशिश कर रहा था. जैसे ही कुणाल उसके सामने आए, चोर ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया. इसी का फायदा उठाते हुए कुणाल ने फुर्ती दिखाई और चोर को रंगे हाथों दबोच लिया. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.
शर्मिला टैगोर की बढ़ी चिंता
सोहा ने मजाकिया लेकिन संजीदा लहजे में बताया कि उनकी मां शर्मिला टैगोर के लिए यह काफी तनावपूर्ण रहा है. मुंबई में उनके दोनों बच्चों (सैफ और सोहा) के घरों में सेंधमारी की कोशिशें हो चुकी हैं. सोहा का मानना है कि ऐसी घटनाएं अक्सर सुबह के वक्त या आधी रात के बाद होती हैं, क्योंकि उस समय लोग गहरी नींद में होते हैं.
सैफ पर हमला और सुरक्षा में बड़ी चूक
सोहा ने अपने भाई सैफ अली खान के घर हुई हालिया घटना पर भी बात की. पिछले साल जनवरी में जब एक चोर सैफ के घर में घुसा, तो मामला सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं रहा. आमना-सामना होने पर उस शख्स ने सैफ पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं. सैफ को आनन-फानन में लीलावती अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उनकी सर्जरी हुई.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क