बॉलीवुड के दबंग सलमान खान को लेकर बीते कई दिनों से खबरें हैं कि वो गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ रहे हैं. कहा गया कि एक्टर गैलेक्सी अपार्टमेंट को अलविदा कहकर बांद्रा में बनने वाले नए सी-फेसिंग घर में शिफ्ट होंगे. ये फैंस के लिए शॉकर था. लेकिन अब इस दावे की सच्चाई सामने आई है.
सलमान खान छोड़ेंगे गैलेक्सी?
इंडिया टुडे को सूत्रों ने बताया कि ये प्रॉपर्टी खान खानदान के पास पिछले 10 साल से भी ज्यादा समय से है. ऐसा कुछ नहीं है कि इसे हाल फिलहाल में खरीदा गया है. प्रॉपर्टी दोबारा से इसलिए चर्चा में है क्योंकि महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने इसके री-डेवलपमेंट के प्रस्ताव की मंजूरी को लेकर सिफारिश की है. इस प्रपोजल के कारण इस प्रॉपर्टी पर कंस्ट्रक्शन का काम आगे बढ़ सकेगा.
16 जून को अथॉरिटी की 198वीं मीटिंग में इस प्रपोजल को लेकर चर्चा हुई. इंडिया टुडे को मिले ऑफिशियल दस्तावेजों के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में बांद्रा (वेस्ट) में एक रिहायशी प्रॉपर्टी का रीडेवलपमेंट प्लान शामिल है. जिसके मुताबिक, यहां पहले मौजूद पुरानी बिल्डिंग को सभी जरूरी मंजूरियां लेने के बाद गिराया जा चुका है.
खान परिवार इस जमीन पर 6 मंजिला सी-फेसिंग रेजिडेंस बनाने की प्लानिंग कर रहा है. महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने कोस्टल रेगुलेशन जोन (CRZ) के नियमों के हिसाब से इस प्रस्ताव की सिफारिश की है. आगे के अप्रूवल के लिए संबंधित प्लानिंग अथॉरिटी को अप्रोच किया जाएगा. अथॉरिटी ने बताया कि ये प्रॉपर्टी CRZ-II जोन में आती है, जिसके मुताबिक मौजूदा नियमों के तहत री-डेवलपमेंट की इजाजत है.अथॉरिटी ने जमीन के मालिकाना हक को लेकर डॉक्यूमेंट्स मांगे, तब जाकर प्रपोजल की सिफारिश की गई.
कई रिपोर्ट्स में दावा है कि नया बंगला तैयार होने के बाद सलमान परिवार के साथ वहां पर शिफ्ट होंगे. लेकिन सूत्रों ने इंडिया टुडे को इससे इनकार किया है. सूत्र ने बताया कि ये खान परिवार की पुरानी प्रॉपर्टी है. इसके री-डेलवपमेंट का प्रोसेस शुरू हुआ है. हालांकि अभी ये क्लियर नहीं कि कब कंस्ट्रक्शन पूरा होगा. सलमान के गैलेक्सी छोड़ने की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
सलमान कई सालों से गैलेक्सी में फैमिली संग रह रहे हैं. सलमान के बर्थडे और ईद के दिन सैकड़ों की तादाद में लोग गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर खड़े होते हैं, ताकि उन्हें भाईजान की झलक दिखे. इस घर से सलमान ही नहीं फैंस के भी इमोशंस जुड़े हैं.
सना फरज़ीन