बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का क्रेज और स्टारडम आज भी वैसा ही बरकरार है, जैसा बरसों पहले था. हाल ही में जब 'भाईजान' एक ब्रांड लॉन्च इवेंट के सिलसिले में दुबई पहुंचे, तो वहां उनके स्वागत में फैंस का ऐसा जनसैलाब उमड़ा जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में सलमान की सिर्फ एक झलक पाने के लिए सैकड़ों की संख्या में फैंस वेन्यू पर इकट्ठा हो गए थे.
आलम यह था कि भीड़ को बेकाबू होता देख आयोजकों को कुछ समय के लिए एंट्री तक रोकनी पड़ी. वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सलमान की सुरक्षा टीम को फैंस को संभालने और उन्हें दूर रखने के लिए कड़ी मशक्कत करते हुए इंसानी चेन तक बनानी पड़ी.
खचाखच भर गया एग्जीबिशन फ्लोर
दुबई के जाबील हॉल 6 में स्थित ब्रांड के बूथ पर दोपहर 2:30 बजे से पहले ही फैंस का तांता लगना शुरू हो गया था. लोग एक-दूसरे से सटकर कंधे से कंधा मिलाकर खड़े थे और पूरा एग्जीबिशन फ्लोर पूरी तरह पैक हो चुका था. हालांकि, रसासी के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फैंस से मुलाकात यानी 'मीट एंड ग्रीट' का समय दोपहर 1:30 बजे और ऑफिशियल लॉन्च का समय दोपहर 2 बजे तय किया गया था. इस दौरान भीड़ में मौजूद हर शख्स अपने मोबाइल फोन के साथ तैयार खड़ा था, ताकि सलमान के एंट्री करते ही उस खास पल को कैमरे में कैद किया जा सके.
पाकिस्तानियों ने लुटाया प्यार
हालांकि, इतनी बड़ी भीड़ होने के कारण हर किसी की किस्मत में अपने पसंदीदा स्टार को देख पाना मुमकिन नहीं हो सका. गल्फ न्यूज में छपी रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की रहने वाली महा नूर नाम की एक फैन सलमान का काफी देर से इंतजार कर रही थीं, लेकिन थोड़ी देर होने की वजह से वह उन्हें देख नहीं पाईं. अपने स्टारडम और प्यार का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही सलमान की बड़ी फैन रही हैं. महा नूर ने कहा कि सलमान काफी हैंडसम और मजाकिया हैं, उनका चार्म अलग है और सबसे बड़ी बात कि वह सभी के प्यारे 'भाई' हैं.
इसी तरह मोहम्मद इमरान और समामा रईस भी खास तौर पर सलमान खान को ही देखने के लिए इस ट्रेड शो में पहुंचे थे. वे लंबे समय से उनके आने की राह देख रहे थे. इमरान किसी तरह सलमान के आने का एक छोटा सा वीडियो क्लिप अपने फोन में रिकॉर्ड करने में कामयाब रहे. बेहद खुशी जताते हुए इमरान ने कहा कि वह सलमान को इसलिए इतना पसंद करते हैं क्योंकि वही बॉलीवुड के असली किंग हैं और वह उनकी हर फिल्म देखते हैं.
बिजनेस इवेंट बन गया फैंस का मेला
वैसे तो 'ब्यूटीवर्ल्ड मिडिल ईस्ट' मुख्य रूप से एक बिजनेस और इंडस्ट्री इवेंट होता है, जहां व्यापार से जुड़े लोग ही जुटते हैं. लेकिन मंगलवार की दोपहर को कुछ समय के लिए पूरे एग्जीबिशन फ्लोर का पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ उसी एक बूथ पर टिक गया था, जहां सलमान मौजूद थे. यूएई में सलमान खान की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है और जब भी वे वहां किसी सार्वजनिक जगह पर जाते हैं, तो ऐसा ही माहौल बन जाता है.
गौरतलब है कि सलमान का यह दुबई दौरा उस घटना के ठीक कुछ दिनों बाद हुआ है, जब उन्होंने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ X (ट्विटर) पर की थी और कहा था कि उनके साथ उड़ान भरना उनके लिए बेहद खुशी की बात होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क