ऐतिहासिक टीवी सीरियल 'रामायण' से हर घर में अपनी पहचान बनाने वाले दिग्गज निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके पोते आकाश सागर और अमृत सागर एक बहुत बड़ा सिनेमाई प्रोजेक्ट लेकर आ रहे हैं. गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने अपनी पहली बड़े पैमाने की थिएटर फ्रेंचाइजी फिल्म 'श्रीमद्भागवतम्' की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
सात अलग-अलग पार्ट्स में बनने वाली यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े और भव्य प्रोजेक्ट्स में से एक होगी. इसका उद्देश्य भारत के महान और प्राचीन ग्रंथों को आज की आधुनिक तकनीक विश्वस्तरीय स्टोरीटेलिंग के जरिए दुनिया भर के दर्शकों के सामने पेश करना है. इस मेगा प्रोजेक्ट की परिकल्पना और निर्माण अमृत सागर चोपड़ा और आकाश सागर चोपड़ा कर रहे हैं, जो इसके पहले पार्ट का निर्देशन भी करेंगे.
वहीं इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट को पद्म भूषण से सम्मानित आध्यात्मिक गुरु श्री एम का शोध मार्गदर्शन प्राप्त है, जबकि 'रामायण' (1987) के सह-निर्देशक मोती सागर इसके मेंटर हैं.
रामायण और महाभारत से बड़ा प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के सीईओ आकाश सागर ने कहा कि श्रीमद्भागवतम भारत की सबसे महान आध्यात्मिक कृतियों में से एक है. इसका विस्तार और दार्शनिक गहराई रामायण और महाभारत से भी कहीं अधिक व्यापक और विशाल मानी जाती है. उन्होंने बताया कि उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य इन महान कथाओं को पूरी प्रामाणिकता और गहराई के साथ ऐसी सिनेमाई भाषा में पेश करना है, जैसा दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा. फिल्म का हर हिस्सा अपनी एक अलग विजुअल स्टाइल तय करेगा.
इस सात पार्ट वाली फिल्म की सीरीज में दर्शकों को भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज में बीते बचपन और किशोरावस्था की झलकियां देखने को मिलेंगी. इसके अलावा पहली बार बड़े पर्दे पर रासलीला और गोपी गीत को बेहद यथार्थवादी अंदाज में दिखाया जाएगा. फिल्म में मत्स्य, वराह और नरसिंह जैसे महाविष्णु के पूर्णावतारों के साथ-साथ समुद्र मंथन, सूर्यवंश और चंद्रवंश की स्थापना जैसी घटनाओं का भव्य चित्रण होगा. दर्शक इसमें पृथु और कपिल जैसे कम चर्चित अवतारों और ध्रुव व भरत जैसे महान भक्तों की प्रेरणादायक गाथाएं भी देख सकेंगे.
रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग
इस मेगा प्रोजेक्ट की पहली फिल्म की शूटिंग हैदराबाद की मशहूर रामोजी फिल्म सिटी में शुरू हो चुकी है, जिसका औपचारिक शुभारंभ तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने किया था. अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिनेमाई अनुभव देने के लिए हॉलीवुड के दिग्गजों को साथ जोड़ा गया है. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी जोएल शेफ़र संभाल रहे हैं, जबकि कई ऑस्कर विजेता फिल्मों से जुड़े विजुअल इफेक्ट्स विशेषज्ञ क्लाइड एडवर्ड्स इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं.
टाइटल की भव्य घोषणा के बाद, मेकर्स आने वाले कुछ महीनों में इसके पार्ट-1 से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों और स्टारकास्ट का खुलासा करेंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क