सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 16' का अपकमिंग एपिसोड संगीत की दुनिया की दिवंगत महान गायिका आशा भोसले के नाम रहने वाला है. इस खास मौके पर बॉलीवुड एक्टर और फिल्ममेकर रितेश देशमुख ने शिरकत की और आशा जी के साथ अपने गहरे और निजी रिश्तों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
रितेश ने शो के दौरान बताया कि आशा भोसले उनके लिए केवल एक दिग्गज गायिका नहीं थीं, बल्कि उनका रिश्ता एक मां और बेटे जैसा था. इस दौरान रितेश काफी भावुक नजर आए और उन्होंने कई ऐसे किस्से सुनाए जो अब तक अनसुने थे.
रितेश देशमुख ने क्या बताया?
न्यूज एजेंसी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक आशा भोसले से मिली गर्मजोशी का जिक्र करते हुए रितेश ने बताया कि जब भी वह उनसे मिलती थीं, तो बड़े प्यार से उनके सिर पर हाथ फेरती थीं. रितेश ने कहा, 'जब वो मुझसे पहली बार मिलीं, तो उन्होंने मेरे सिर पर ठीक वैसे ही हाथ फेरा जैसे एक मां अपने बच्चे पर फेरती है. उसी दिन से मैंने उन्हें 'आशा आई' बुलाना शुरू कर दिया और आज भी मैं उन्हें इसी नाम से संबोधित करता हूं.'
शेयर किया किस्सा
अपनी पुरानी यादों के पिटारे से एक किस्सा शेयर करते हुए रितेश ने बताया कि एक बार बातों ही बातों में आशा जी ने उनसे बड़े लाड़ से पूछा था, 'तुम्हें क्या पसंद है? तुम क्या खाते हो?' इसके बाद उन्होंने रितेश को प्यार से अपने घर बुलाया. रितेश ने बताया कि वह उनके घर गए, जहां दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया और ढेर सारी बातें कीं. वह मुलाकात रितेश के दिल के हमेशा करीब रहेगी.
अधूरी रह गई इच्छा
छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित अपनी अपकमिंग फिल्म का जिक्र करते हुए रितेश काफी इमोशनल हो गए. उन्होंने अपनी आखिरी बातचीत को याद करते हुए बताया कि आशा जी ने फोन करके उनसे कहा था, 'मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है, तुम एक अच्छी फिल्म बनाओ. जब यह रिलीज होगी, तो मैं इसे जरूर देखूंगी.' रितेश ने बताया कि करीब दो हफ्ते पहले उनके परिवार से फोन आया था कि आशा जी की बहुत इच्छा थी कि वह यह फिल्म देखें.
अंत में रितेश ने इमोशनल नोट पर कहा, 'दुर्भाग्य से आशा आई अब यह फिल्म नहीं देख पाएंगी. मैं आज कई वजहों से उन्हें बहुत ज्यादा याद कर रहा हूं.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क