मराठी फिल्म 'राजा शिवाजी' की जबरदस्त सफलता के बाद एक्टर-फिल्म मेकर रितेश देशमुख ने अपनी पूरी टीम और इंडस्ट्री के करीबी दोस्तों के लिए एक सेलिब्रेशन पार्टी रखी थी. हालांकि, इस पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद रितेश विवादों में घिर गए.
वायरल वीडियो में रितेश देशमुख बॉलीवुड गाने पर डांस करते नजर आए. इस दौरान उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहन रखी थी. वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने इसे महाराज का अपमान बताया. वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने ये तक दावा किया कि रितेश नशे में थे. बढ़ते विवाद के बीच अब रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर लंबा नोट शेयर कर अपनी सफाई दी है और लोगों की भावनाएं आहत होने पर माफी भी मांगी है.
रितेश देशमुख ने दी सफाई
इंस्टाग्राम स्टोरी पर रितेश ने लिखा- हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'राजा शिवाजी' को दर्शकों ने ऐतिहासिक प्यार दिया है. इसी खुशी में हमारी पूरी टीम ने एक छोटा सा सेलिब्रेशन रखा था. उस दौरान का मेरा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. शिवाजी महाराज का भक्त होने के नाते और अपने दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए मैं इस मामले पर अपनी बात रखना जरूरी समझता हूं.
उन्होंने आगे कहा- मैं विनम्रता से कहना चाहता हूं कि छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर जश्न मनाते समय मेरे मन में उनके प्रति जरा भी अनादर की भावना नहीं थी. फिल्म के प्रमोशन के दौरान मैं लगातार यही टी-शर्ट पहन रहा था. उस दिन भी मैं सीधे प्रमोशनल इवेंट से पार्टी में पहुंचा था, इसलिए कपड़े बदलने का मौका नहीं मिला.
शराब पीने के आरोपों पर भी बोले
रितेश ने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा- कुछ लोग ये दावा कर रहे हैं कि मैं शराब के नशे में था. मैं साफ करना चाहता हूं कि मैंने आज तक कभी शराब नहीं पी है और भविष्य में भी कभी नहीं पीऊंगा. इसलिए इस तरह के सभी आरोप पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं. उन्होंने ये भी बताया कि वीडियो रिकॉर्ड करने वाला व्यक्ति पार्टी का आमंत्रित मेहमान नहीं था.
भावनाएं आहत हुईं तो जताया खेद
रितेश ने आगे लिखा- ये कार्यक्रम 'राजा शिवाजी' के लिए पिछले साढ़े तीन साल से दिन-रात मेहनत करने वाले कलाकारों और पर्दे के पीछे काम करने वाले साथियों का धन्यवाद करने के लिए आयोजित किया गया था. इसके बावजूद अगर मेरे किसी व्यवहार से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो एक शिवप्रेमी होने के नाते मैं दिल से खेद व्यक्त करता हूं.
उन्होंने कहा- छत्रपति शिवाजी महाराज हम सभी के लिए आस्था, प्रेरणा और गर्व का प्रतीक है. मेरे मन में उनके लिए हमेशा असीम सम्मान, प्रेम और निष्ठा रही है. ये भावना आज भी उतनी ही मजबूत है और हमेशा रहेगी. जय शिवराय!
1 मई को दुनियाभर में रिलीज हुई 'राजा शिवाजी' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. फिल्म 120 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली पहली मराठी फिल्म बन गई है. फिल्म में रितेश देशमुख के साथ उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, अमोल गुप्ते, जितेंद्र जोशी और महेश मांजरेकर जैसे कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क