'3 इडियट्स' डायरेक्टर ने बेटे को नहीं उठाने दिया फायदा! रोल के लिए कराई कड़ी मेहनत

राजकुमार हिरानी अपनी पहली वेब सीरीज प्रीतम और पेड्रो से बेटे वीर को लॉन्च करने जा रहे हैं. लेकिन डायरेक्टर ने बेटे को सीधा रोल ऑफर ना देते हुए, उन्हें ऑडिशन्स के जाल में फंसाए रखा जिसके बाद वीर को अपनी मेहनत से वेब शो में रोल हासिल हुआ. पढ़ें राजकुमार हिरानी ने क्या कहा.

Advertisement
राजकुमार हिरानी के बेटे वीर (Photo: ITG) राजकुमार हिरानी के बेटे वीर (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:34 AM IST

मुन्नाभाई, 3 इडियट्स, पीके जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बना चुके डायरेक्टर राजकुमार हिरानी अब वेब शोज में हाथ आजमा रहे हैं. वो प्रीतम और पेड्रो नाम से एक सीरीज ला रहे हैं, जिसे उन्होंने प्रोड्यूस किया है. इस शो की सबसे बड़ी खासियत ये है कि डायरेक्टर के बेटे वीर हिरानी अपना एक्टिंग डेब्यू करने वाले हैं. 

वीर हिरानी स्टार डायरेक्टर राजकुमार हिरानी के बेटे हैं. आज के समय में जहां बॉलीवुड वैसे ही नेपोटिज्म को लेकर निशाना बना रहता है, उसमें अब एक और स्टार किड की एंट्री होने वाली है. लेकिन जैसा जनता वीर के डेब्यू को लेकर सोच रही है, हकीकत में वैसा बिल्कुल नहीं है. राजकुमार हिरानी ने अपने बेटे से कड़ी मेहनत कराई, तब जाकर उन्हें वेब शो में रोल मिला है. 

Advertisement

बेटे वीर के फिल्मों में आने पर बोले राजकुमार हिरानी

न्यूज 18 से बातचीत में 3 इडियट्स के डायरेक्टर ने बेटे के डेब्यू पर कहा- अगर वो जिंदगी में यही (एक्टिंग) करना चाहता है, तो उसे रोकना भी सही नहीं होगा. और आखिरकार, हम ऐसे बिजनेस में हैं जहां आप किसी के लिए सिर्फ एक हद तक ही मदद कर सकते हैं और उसे एक मौका दे सकते हैं, लेकिन उसके करियर का भविष्य क्या होगा, ये पहले से नहीं बता सकते. इसका फैसला आखिर में दर्शक ही करते हैं.

'ये दूसरे पेशों से बिल्कुल अलग है. अगर आप किसी डॉक्टर के बेटे हैं और आपके पिता का अपना अस्पताल है, तो भले ही आप उतने अच्छे डॉक्टर ना हों, फिर भी आपका काम चलता रहेगा. यही बात किसी वकील के बच्चे या रेस्टोरेंट चलाने वाले के बच्चे पर भी लागू होती है. लेकिन हमारी इंडस्ट्री में आपको मौका तो मिल सकता है, मगर टिकने और सफल होने के लिए आपका वाकई अच्छा होना जरूरी है.'

Advertisement

राजकुमार हिरानी ने आगे साफ किया कि उन्होंने बेटे वीर को दिमाग में सोचते हुए इस सीरीज को नहीं बनाया है. डायरेक्टर ने कहा कि उनका बेटा फिल्म में काम करना चाहता था, लेकिन उनके पास उस समय कोई स्क्रिप्ट नहीं थी. लेकिन उन्होंने बेटे से कहा कि अगर कोई आपको कास्ट करना चाहता है और अच्छी स्क्रिप्ट मिलती है, तो उसे देखिए. जिसके बाद वीर अलग-अलग लोगों से मिल रहे थे, स्क्रिप्ट सुन रहे थे और ऑडिशन भी दे रहे थे.

कैसे वीर से कराए ऑडिशन?

इसी दौरान राजकुमार हिरानी ने बेटे वीर से कहा था कि जब भी उनके पास कोई अच्छी स्क्रिप्ट आएगी, वो उन्हें जरूर बताएंगे. हालांकि कुछ वक्त बाद वीर ने देखा कि उनके पिता के प्रोडक्शन हाउस में एक ओटीटी शो बन रहा है. तब उन्होंने शो को-प्रोड्यूसर साहिल से संपर्क किया. साहिल के जरिए उनकी मुलाकात शो के डायरेक्टर अविनाश से हुई. राजकुमार हिरानी ने आगे ये भी कहा कि उन्होंने बेटे वीर को ऑडिशन के जाल में फंसाए रखा, क्योंकि वो किसी भी मामले में कॉम्प्रोमाइज नहीं करना चाह रहे थे. 

डायरेक्टर ने कहा- वीर ने मुझसे कभी सीधे तौर पर ये नहीं कहा था कि वो शो का हिस्सा बनना चाहता है. जब मुझे साहिल से इस बारे में पता चला, तो मैंने वीर से साफ कहा कि उसे इसके लिए ऑडिशन देना होगा. मैंने उससे कहा कि मैं इस शो को डायरेक्ट नहीं कर रहा हूं, और अगर करता भी, तब भी उसे ऑडिशन देना पड़ता. अपनी फिल्म या शो के साथ कोई कॉम्प्रोमाइज नहीं किया जा सकता. अगर आप किसी ऐसे इंसान को चुनते हैं जो उस रोल के लिए उतना अच्छा नहीं है, तो नुकसान आपके काम का ही होगा. 

Advertisement

बता दें कि सीरीज प्रीतम और पेड्रो में अरशद वारसी और विक्रांत मैसी भी हैं. ये शो जियो हॉटस्टार पर 3 जुलाई से आना शुरू होगा. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »