प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस के लिए वो वक्त मुश्किलों भरा था, जब उनकी बेटी मालती पैदा होने के बाद कई दिनों तक NICU में रही थी. एक्ट्रेस ने एक पॉडकास्ट में उस वक्त को सबसे चैलेंजिंग बताया है. प्रियंका की बेटी प्रीमैच्योर पैदा हुई थी. तब कपल बेटी की हेल्थ को लेकर काफी परेशान रहा था. एक्ट्रेस ने बताया कि वो घंटों अस्पताल में रहती थीं. बेटी के स्वस्थ होने की दुआ मांगती थीं.
बेटी के लिए इमोशनल प्रियंका
जे शेट्टी पॉडकास्ट में प्रियंका का दर्द छलका. उन्होंने कहा- हम उसके साथ NICU गए. हम दोनों में से एक टाइम पर सिर्फ एक को अंदर जाने की अनुमति थी. पहली बार जब मालती रोई, तो ऐसा लगा जैसे बिल्ली की आवाज आ रही हो. प्रियंका ने बताया कि मुश्किल के उन दिनों में परिवार ने उन्हें भरपूर सपोर्ट किया. वो और निक ज्यादातर वक्त अस्पताल में भी फंसे रहते थे.
एक्ट्रेस के मुताबिक, उस वक्त सबसे परेशान करने वाली चीज मीडिया की तरफ से मिली धमकी थी. कपल को मजबूरी में बेटी के पैदा होने की न्यूज बतानी पड़ी थी. उन पर ऐसा करने का प्रेशर डाला गया था. मीडिया ने मालती के जन्म की न्यूज लीक करने की धमकी दी थी. प्रियंका कहती हैं- हम इसके लिए तैयार नहीं थे. क्योंकि हमें नहीं पता था मालती को क्या होगा. वो कैसी रहेगी.
प्रियंका ने बताया कि NICU में मालती को शांत और कंफर्ट में रखने के लिए उन्होंने आध्यात्मिक तरीके को अपनाया था. निक बेटी के लिए गिटार बजाते, उसे गाने सुनाते. मेरे पास एक छोटा आईपॉड था, जिसमें मेरे मंत्र बजते रहते थे. जैसे महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र, ओम नमः शिवाय मंत्र. ये मंत्र हल्की आवाज में बेटी के पालने के अंदर चलते रहे. प्रियंका ने बताया कि उनकी बेटी बहुत प्यारी और कीमती है, शुरुआती महीनों में उन्हें बेटी का भरपूर ध्यान रखना पड़ा था. कपल ने मालती को मीडिया से दूर ही रखा है. हालांकि कभी-कभी वो बेटी की झलक जरूर इंस्टा पर पोस्ट करती हैं.
वर्कफ्रंट पर प्रियंका एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'द ब्लफ' में नजर आ रही हैं. जल्द उनका इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में कमबैक होने वाला है. वो एसएस राजामौली की तेलुगू फिल्म 'वाराणसी' में महेश बाबू संग दिखेंगी.
aajtak.in