इंडोनेशिया में PM मोदी ने किया शाहरुख खान की फिल्म का जिक्र, खुश हुए करण जौहर

जकार्ता यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत की सराहना की. इसके अलावा पीएम मोदी ने शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म 'कुछ कुछ होता है' का जिक्र किया.

Advertisement
पीएम मोदी ने कहा- कुछ कुछ होता है (Photo: PTI/X/DharmaProduction) पीएम मोदी ने कहा- कुछ कुछ होता है (Photo: PTI/X/DharmaProduction)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:37 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जकार्ता में भारत और इंडोनेशिया के बीच के बेहद खास बॉलीवुड कनेक्शन का ज़िक्र किया. उन्होंने बताया कि इस दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश में भारतीय फिल्मों और गानों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी वहां शाहरुख खान की 1998 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के गाने लोगों की ज़ुबान पर हैं. 

Advertisement

जकार्ता में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इस बात पर खास जोर दिया कि भारत और इंडोनेशिया के बीच का यह रिश्ता सिर्फ आज का नहीं, बल्कि सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों और आपसी जुड़ाव पर है. इसके साथ ही उन्होंने वहां मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो प्राबोवो का तहे दिल से शुक्रिया भी अदा किया.

पीएम मोदी का दिलचस्प अंदाज
भारतीय समुदाय के बीच अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के इसी बॉलीवुड कनेक्शन को बेहद दिलचस्प अंदाज में पेश किया. पीएम ने कहा, 'यहां भारत का गाना 'कुछ कुछ होता है' बहुत ज्यादा लोकप्रिय है. इस पर आज मैंने राष्ट्रपति प्राबोवो से कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया जैसे दो महान देश मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो यह सिर्फ 'कुछ कुछ' नहीं रह जाता, बल्कि यह 'बहुत कुछ होता है' बन जाता है.' 

Advertisement

धर्मा प्रोडक्शन ने जताया आभार
देश के प्रधानमंत्री द्वारा वैश्विक मंच पर अपनी ऐतिहासिक फिल्म के नाम और गानों का जिक्र किए जाने पर मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उनके प्रोडक्शन हाउस 'धर्मा प्रोडक्शंस' ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर पीएम मोदी के इस भाषण की एक छोटी सी वीडियो क्लिप शेयर की है. इस क्लिप में प्रधानमंत्री फिल्म और गानों की लोकप्रियता पर बात करते दिख रहे हैं.

इस वीडियो को शेयर करते हुए धर्मा प्रोडक्शन ने एक बेहद खूबसूरत और भावुक कैप्शन भी लिखा है. उन्होंने लिखा, 'सिनेमा और संगीत के पास सीमाओं को लांघने और पूरी दुनिया के लोगों को एक साथ एक धागे में पिरोने का एक बेहद अनोखा और जादुई तरीका होता है. हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जकार्ता में हमारी फिल्म 'कुछ कुछ होता है' को दुनियाभर में मिल रहे इसी प्यार और तारीफ का जिक्र किया है. यह हमारे लिए एक बेहद गर्व की बात है और हम इसके लिए सम्मानित महसूस कर रहे हैं.'

ब्लॉकबस्टर फिल्म की KKHH
बता दें कि करण जौहर ने फिल्म साल 1998 में अपने निर्देशन करियर की शुरुआत 'कुछ कुछ होता है' से की थी. 'कुछ कुछ होता है' उस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. इसके गाने पूरी दुनिया में फेमस हुए. शाहरुख और काजोल की जोड़ी को दुनियाभर में मशहूर कर दिया.  भारत के साथ-साथ यह फिल्म विदेशों (खासकर यूके, यूएसए और इंडोनेशिया जैसे दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों) में भी बेहद लोकप्रिय रही और इसने बॉलीवुड को एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »