वैलेंटाइन्स वीक में एक अनोखी लव स्टोरी लेकर आई शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की 'ओ रोमियो' ने थिएटर्स में अपना पहला वीकेंड पूरा कर लिया है. मिक्स रिव्यूज के बावजूद शुक्रवार को इस फिल्म के लिए पब्लिक में एक पॉजिटिव रिस्पॉन्स नजर आया था जिसने सॉलिड शुरुआत दिलाई थी. शनिवार को 'ओ रोमियो' के वर्ड ऑफ माउथ का असर बॉक्स ऑफिस पर नजर आना शुरू हुआ और फिल्म को तगड़ा जंप मिला.
मगर संडे को, टी 20 क्रिकेट वर्ल्डकप में भारत बनाम पाकिस्तान के मुकाबले ने फिल्म की ऑडियंस कमजोर कर दी. संडे को थोड़ा स्लो पड़ने के बावजूद 'ओ रोमियो' ने एक सॉलिड वीकेंड कलेक्शन तो कर लिया है. मगर सवाल ये है कि क्या ये कलेक्शन फिल्म को हिट करवाने के लिए काफी होगा?
'ओ रोमियो' का फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन
शुक्रवार को मिक्स रिव्यूज के साथ आई 'ओ रोमियो' को दोपहर बाद से जनता का साथ मिलना शुरू हुआ और फिल्म ने 9 करोड़ की ओपनिंग की. डायरेक्टर विशाल भारद्वाज की स्टाइलिश स्टोरीटेलिंग का असर शनिवार को नजर आया जब फिल्म को सुबह से ही अच्छे दर्शक मिले. जनता का ये साथ शनिवार को 'ओ रोमियो' के लिए 60% का जंप लेकर आया और कलेक्शन 14.50 करोड़ तक पहुंच गया. दमदार वीकेंड के लिए संडे के दिन फिल्म को एक और अच्छे जंप की जरूरत थी.
मगर इंडिया-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के दिन भला किसी भी फिल्म को दमदार ऑडियंस मिलेगी! संडे को दोपहर बाद से ही 'ओ रोमियो' के दर्शक घटते चले गए. ट्रेड रिपोर्ट्स बताती हैं कि संडे का कलेक्शन 10 करोड़ रुपये के आसपास रहा है. यानी पहले तीन दिनों की कमाई मिलाकर पहले वीकेंड में 'ओ रोमियो' ने 33 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है.
लॉकडाउन के बाद शाहिद का बेस्ट वीकेंड
शाहिद कपूर के करियर में लॉकडाउन किसी स्पीड ब्रेकर की तरह आया. 2019 में अपनी सबसे बड़ी सोलो हिट 'कबीर सिंह' देकर आ रहे शाहिद, लॉकडाउन के बाद से एक ही हिट दे पाए हैं- तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया. और ये भी 100 करोड़ से कम में सिमट जाने वाली फिल्म थी. लॉकडाउन के बाद वाले 6 सालों में शाहिद का बेस्ट वीकेंड कलेक्शन 26.52 करोड़, इसी फिल्म से आया. मगर अब 'ओ रोमियो' पिछले 6 सालों में उनके लिए सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन लेकर आई है.
क्या इस वीकेंड कलेक्शन के भरोसे हिट हो पाएगी फिल्म?
'ओ रोमियो' विशाल भारद्वाज के करियर की सबसे महंगी फिल्म है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि इसका बजट 130 करोड़ रुपये है. अभी तक बॉक्स ऑफिस से ये फिल्म 33 करोड़ ही निकाल पाई है. अगर जनता का वर्ड ऑफ माउथ मंडे से फिल्म के साथ रहा तो पहले हफ्ते में ये 48-50 करोड़ के आसपास कलेक्शन कर लेगी.
लेकिन इस रफ्तार से 'ओ रोमियो' तीन हफ्तों में भी 100 करोड़ तक नहीं पहुंच पाएगी. मेकर्स ने रिलीज से पहले ओटीटी और बाकी राइट्स से अच्छी कमाई जरूर कर ली होगी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर 'ओ रोमियो' का हिट हो पाना बहुत मुश्किल नजर आ रहा है. शाहिद और तृप्ति की फिल्म तभी बच सकती है अगर दूसरे हफ्ते में फिल्म को अच्छे दर्शक मिलने लगें. हालांकि फिलहाल 'ओ रोमियो' का भविष्य बहुत अच्छा नहीं नजर आ रहा.
सुबोध मिश्रा