बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा धूपिया मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान पैपराजी (फोटोग्राफरों) के बर्ताव पर बुरी तरह भड़क गईं. उन्होंने कलाकारों की प्राइवेसी और गरिमा का हवाला देते हुए गलत तरीके से 'बैक शॉट्स' लेने वाले फोटोग्राफरों को सरेआम जमकर सुनाया. नेहा ने बेहद तीखे लहजे में कहा कि इस तरह की तस्वीरें न सिर्फ मर्यादा के खिलाफ हैं बल्कि अपमानजनक भी हैं.
एक्ट्रेस नेहा का यह गुस्सा तब फूट पड़ा, जब हाल ही में एक ट्रैक पर दौड़ते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. मुंबई के इस कार्यक्रम में उन्होंने मीडिया से सीधे बात करते हुए कहा कि ऐसा अनुचित बर्ताव तुरंत बंद होना चाहिए, क्योंकि कलाकार हमेशा मीडियाकर्मियों के साथ बेहद इज्जत से पेश आते हैं और बदले में वे भी इसी सम्मान की उम्मीद करते हैं.
कौन लेता है ऐसे शॉट्स?
इवेंट के दौरान नेहा धूपिया ने वहां मौजूद फोटोग्राफरों से सीधे सवाल दागा. उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, 'यह बदतमीजी से बैकशॉट कौन लेता है तुमलोग में से? कौन लेता है? बंद करो.' उन्होंने आगे कड़े शब्दों में कहा कि उन्हें या किसी भी अन्य कलाकार को इस तरह कैमरे में कैद करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए नेहा ने प्राइवेसी और जबरन तस्वीरें खींचने की आदत पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा, 'मेरा नहीं करना है. किसी का नहीं करना है. बोल-बोल कर थक गए हैं. बैग उठा कर, किताब उठा कर, पीछे चलकर. यह सब नहीं चलेगा अभी. बंद करो यह सब. हम लोग बहुत इज्जत से करते हैं, आप लोग मुझसे बात करो. मत करो.'
पैपराजी के रवैये से परेशान सेलेब्स
ऐसा नहीं है कि पैपराजी के इस रवैये से सिर्फ नेहा धूपिया ही परेशान हैं. हाल के दिनों में बॉलीवुड के कई अन्य सितारों ने भी फोटोग्राफरों की हरकतों पर गहरा ऐतराज जताया है. जान्हवी कपूर और अरबाज खान जैसी मशहूर हस्तियां भी इस तरह की हरकतों के लिए पैपराजी को खरी-खोटी सुना चुकी हैं, जिससे सेलेब्रिटीज की प्राइवेसी और प्रोफेशनल दायरों को लेकर बहस तेज हो गई है.
हाल ही में सोनाक्षी सिन्हा भी अपने पति जहीर इकबाल और पिता शत्रुघ्न सिन्हा के साथ मुंबई के एक रेस्टोरेंट से निकलते वक्त फोटोग्राफरों पर काफी नाराज दिखीं.
सलमान खान को मांगनी पड़ी थी माफी
फोटोग्राफरों की बेकाबू भीड़ और उनके बर्ताव को लेकर सुपरस्टार सलमान खान भी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. मई की शुरुआत में जब सलमान खान एक अस्पताल के दौरे पर गए थे, तब पैपराजी की हरकतों से वह काफी असहज और गुस्से में नजर आए थे. बात इतनी बढ़ गई थी कि बाद में मीडिया को इस व्यवहार के लिए सलमान खान से आधिकारिक तौर पर माफी तक मांगनी पड़ी थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क