बॉलीवुड के मशहूर कलाकार नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे. 8 अक्टूबर की सुबह उनका निधन हो गया. 75 की उम्र में उन्होंने अपने गोवा स्थित घर में अंतिम सांस ली. उनके जाने से पूरी इंडस्ट्री और देश में शोक की लहर सी दौड़ पड़ी. नाना ने अपनी एक्टिंग से अपने अनगिनत चाहने वालों का मनोरंजन किया. व्यक्तिगत रूप से ना सही, मगर अपनी कलाकारी के जरिए वो हमेशा लोगों के बीच जिंदा रहने वाले हैं.
नाना पाटेकर का इंडस्ट्री में कई लोग सम्मान करते थे. इनमें से एक सुपरस्टार शाहरुख खान भी थे, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत में उनके साथ काम किया था. नाना के निधन पर शाहरुख ने उनसे जुड़ी एक बड़ी सीख का भी जिक्र किया था. सुपरस्टार ने बताया कि कैसे एक्टर ने उन्हें हीरो से ज्यादा एक्टर बने रहने का महत्व समझाया. नाना के जाने से वो काफी दुखी नजर आए. इसी बीच शाहरुख का एक वीडियो भी सुर्खियों में आया, जिसमें वो नाना पाटेकर के बारे में एक अनसुनी बात बता रहे हैं.
जब नाना ने की थी शाहरुख की मदद
एक क्लिप में शाहरुख अपने जेल जाने का किस्सा साझा कर रहे हैं. कई सालों पहले उन्हें जेल में रहना पड़ा था, जहां से बाहर उन्हें नाना पाटेकर ने निकाला था. शाहरुख ने बताया कि उस समय एक मैगजीन में उनके और उनकी एक को-स्टार के बीच अफेयर को लेकर मजाक में कुछ छापा गया था. इस खबर से उनकी पत्नी गौरी खान काफी परेशान हो गई थीं. उस वक्त शाहरुख और गौरी की शादी को ज्यादा समय नहीं हुआ था.
गौरी को परेशान देखकर शाहरुख काफी गुस्सा हो गए. उन्होंने उस मैगजीन के पत्रकार को फोन किया और इस खबर को लेकर सवाल करने लगे. जब पत्रकार ने इसे सिर्फ एक मजाक बताया, तो शाहरुख का गुस्सा और बढ़ गया. उन्होंने माना कि उस वक्त उन्होंने पत्रकार के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया था. बात इतनी बढ़ गई कि शाहरुख को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और वो जेल पहुंच गए.
अपने गुस्से के कारण जेल में थे शाहरुख
शाहरुख ने बताया कि लॉकअप में उन्हें एक फोन कॉल करने का मौका मिला. लेकिन परिवार या वकील को फोन करने के बजाय उन्होंने उसी पत्रकार को फोन कर दिया, जिससे उनका झगड़ा हुआ था. उन्होंने फोन पर उसे दोबारा धमकी दे दी. फिर शाहरुख को जमानत मिल गई और नाना पाटेकर ने उन्हें जेल से बाहर निकलने में मदद की. इस घटना को याद करते हुए शाहरुख ने कहा था कि नाना ने उनकी काफी मदद की और वो उनके लिए बहुत अच्छे थे.
शाहरुख ने ये भी कहा कि उस घटना के बाद उन्होंने खुद को बदलने की कोशिश की. उन्होंने माना कि पहले वो गुस्से में काफी जल्दी रिएक्ट कर देते थे, लेकिन वक्त के साथ उन्होंने अपने व्यवहार पर कंट्रोल करना सीखा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क