देश में इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का दौर जारी है. इंडिया के हर कोने में क्रिकेट मैच खेला जा रहा है. ये कारवां आज 12 अप्रैल मुंबई पहुंचा जहां के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई बनाम बैंगलुरू का गेम खेला गया. इसे देखने हजारों की संख्या में फैंस तो पहुंचे ही. मगर साथ ही बॉलीवुड के कई सेलेब्स भी स्पॉट हुए.
वानखेड़े स्टेडियम में करीना कपूर अपनी फैमिली के साथ पहुंची. पति सैफ अली खान और दोनों बेटे तैमूर और जेह तो साथ थे ही, मगर उनके साथ इब्राहिम अली खान भी नजर आए. सभी ने मुंबई की जर्सी पहनी थी, जिससे साफ दिखाई दे रहा था कि वो अपनी होम टीम को सपोर्ट करने पहुंचे हैं.
वानखेड़े में सजी बॉलीवुड सितारों की महफिल
मैच के दौरान कई बार करीना, सैफ और इब्राहिम को साथ में अपनी पसंदीदा टीम के लिए चियर करता देखा गया. वहीं नन्हे तैमूर और जेह की भी झलक देखने मिली. करीना की फैमिली मोमेंट्स को सोशल मीडिया यूजर्स ने काफी पसंद किया.
करीना के अलावा स्टेडियम में वरुण धवन भी पहुंचे. वहां वो पूजा हेगड़े के साथ बैठे नजर आए, जो मुंबई को ही सपोर्ट कर रहे थे. एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी भी शेयर की. वरुण और पूजा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर भी सुर्खियों में हैं. ये फिल्म पहले 12 जून को आनी थी. मगर अब इसे 22 मई के लिए प्रीपोन कर लिया गया है.
विराट के लिए खुश हुईं अनुष्का
बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी वानखेड़े स्टेडियम में बाकी सितारों की तरह बैठी नजर आईं. हालांकि वो मुंबई की विरोधी टीम बेंगलुरु को सपोर्ट कर रही थीं. अनुष्का के पति विराट कोहली बेंगलुरु के लिए खेलते हैं. आज उन्होंने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए हाल्फ सेंचुरी भी लगाई थी. ऐसे में अनुष्का काफी खुश और जोश में दिखीं.
अनुष्का अधिकतर आईपीएल के दौरान दिखाई देती रहती हैं. वो स्टैंड में बैठकर ही अपने पति विराट कोहली को सपोर्ट करती हैं. कई मौकों पर अनुष्का को एक्साइटेड होते देखा गया है. जब भी विराट मैच में परफॉर्म करते हैं, एक्ट्रेस के चेहरे पर अलग खुशी देखने मिलती है. दोनों के यही क्यूट मोमेंट्स सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क