फिल्मी दुनिया में कब कौन-सी बात सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा कर दे, कुछ कहा नहीं जा सकता. अब मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर एक बार फिर लोगों के निशाने पर आ गए हैं. वजह है उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसे लेकर यूजर्स सवाल उठा रहे हैं. दरअसल, नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ का नया गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज हुआ और इसी दिन मनोज ने प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ का गाना ‘तू है शीतल धारा’ शेयर कर दिया.
फिर क्या था, सोशल मीडिया पर लोगों ने दोनों फिल्मों की तुलना शुरू कर दी और मनोज से पूछने लगे कि आखिर इस पोस्ट की टाइमिंग का क्या चक्कर है?
‘रामायण’ का गाना आया, तो मनोज को याद आई ‘आदिपुरुष’?
मनोज मुंतशिर ने 25 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म ‘आदिपुरुष’ का गाना ‘तू है शीतल धारा’ शेयर किया. दिलचस्प बात यह रही कि इसी दौरान नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ का नया गाना ‘मंगल रंग’ भी सामने आया. बस, इसी बात को लेकर यूजर्स ने मनोज की पोस्ट पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि मनोज मुंतशिर काफी चतुर हैं. यूजर के मुताबिक, जब नई ‘रामायण’ के गाने के बोल और कंपोजिशन को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, तभी मनोज ने ‘आदिपुरुष’ का गाना शेयर करने का फैसला किया.
वहीं, एक दूसरे यूजर ने सीधे मनोज को उनकी पुरानी फिल्म की याद दिला दी. कमेंट में लिखा गया, "कोई मनोज मुंतशिर को याद दिलाए कि उन्होंने ‘आदिपुरुष’ के डायलॉग लिखे थे."
‘गाने अच्छे हैं, लेकिन डायलॉग का क्या?’ फिर उठी पुरानी कंट्रोवर्सी
हालांकि, हर कोई ‘आदिपुरुष’ के गानों की आलोचना नहीं कर रहा है. कुछ यूजर्स ने माना कि फिल्म के गाने अच्छे थे और उनमें भावनाएं भी थीं, लेकिन इससे फिल्म के विवादित डायलॉग्स को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
एक यूजर ने मनोज को अच्छा लेखक, गीतकार और भगवान का भक्त बताते हुए उनकी पोस्ट के तरीके पर सवाल उठाया. यूजर ने कहा कि उन्हें मनोज की बात रखने का अंदाज सही नहीं लगा. साथ ही उम्मीद जताई कि उनकी बात से गीतकार को बुरा नहीं लगेगा.
गौरतलब है कि साल 2023 में रिलीज हुई ‘आदिपुरुष’ को उसके डायलॉग्स, विजुअल इफेक्ट्स और रामायण के किरदारों को दिखाने के तरीके को लेकर काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी. फिल्म में प्रभास ने भगवान राम, कृति सेनन ने सीता और सैफ अली खान ने रावण का किरदार निभाया था. फिल्म के डायलॉग्स पर विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने कुछ संवादों में बदलाव भी किया था. वहीं, मनोज मुंतशिर ने बाद में कुछ लाइनों से लोगों को पहुंची ठेस के लिए माफी मांगी थी.
मनोज ने राम-सीता की शादी वाला गाना भी किया शेयर, फिर घिरे
मामला सिर्फ एक गाने तक सीमित नहीं रहा. मनोज मुंतशिर ने भगवान राम और माता सीता के विवाह का जश्न मनाने वाला ‘आदिपुरुष’ का एक और गाना भी शेयर किया. उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा, "भगवान श्रीराम और माता सीता का मंगल विवाह. इस पर भी एक गाना सुनिए, फिर आपके मन में जो आए, कमेंट कीजिए. आपका स्वागत है."
लेकिन इस पोस्ट पर भी कुछ यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की. एक यूजर ने लिखा, "माफ कीजिएगा, लेकिन बहुत गंदा लग रहा है सर." एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि जब भी ‘रामायण’ का कोई बड़ा गाना रिलीज होता है, तो मनोज ‘आदिपुरुष’ का गाना क्यों शेयर करने लगते हैं? यूजर ने उनकी पुरानी माफी का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या यह महज इत्तेफाक है या फिर इसके पीछे कोई खास संदेश है?
हालांकि, उसी यूजर ने यह भी माना कि ‘आदिपुरुष’ के गाने इमोशनल और यादगार थे. उसके मुताबिक, फिल्म के गानों की तारीफ करना और उसके डायलॉग्स की आलोचना करना दो अलग-अलग बातें हैं.
पहले भी हो चुका है ऐसा, ‘जय जय राम’ के बाद शेयर किया था ‘राम सिया राम’
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने मनोज की पिछली पोस्ट का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को जब ‘रामायण’ का गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हुआ था, उसके अगले दिन मनोज ने ‘आदिपुरुष’ का गाना ‘राम सिया राम’ अपने X अकाउंट पर शेयर किया था.
अब एक बार फिर नई ‘रामायण’ के गाने और ‘आदिपुरुष’ के गानों की चर्चा साथ-साथ होने लगी है. कोई मनोज की पोस्ट की टाइमिंग पर सवाल उठा रहा है, तो कोई दोनों फिल्मों के संगीत और विवादों की तुलना कर रहा है.
फिलहाल, मनोज मुंतशिर की पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है. हालांकि, उनकी ओर से इन सवालों पर कोई जवाब सामने आने की जानकारी नहीं है. ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि दोनों गानों को शेयर करने की टाइमिंग महज इत्तेफाक थी या इसके पीछे कोई खास वजह थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क