बॉलीवुड एक्ट्रेस मंजरी फडनीस इन दिनों गहरे सदमे में हैं. 'जाने तू... या जाने ना' फेम एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर कर अपनी हाउसिंग सोसायटी के डॉग माइकी के साथ हुई कथित क्रूरता का खुलासा किया है. मंजरी का दावा है कि माइकी को बेरहमी से पीटा गया और फिर अधमरी हालत में समुद्र किनारे फेंक दिया गया.
रो-रो हुआ बुरा हाल
मंजरी ने बताया कि माइकी पिछले महीने मुंबई के मड आइलैंड स्थित उनकी सोसायटी से अचानक गायब हो गया था. शुरुआत में सभी को लगा कि वो आसपास कहीं घूम रहा होगा, लेकिन जब कई दिन बीत गए तो उसकी तलाश शुरू की गई.
एक्ट्रेस के मुताबिक, बाद में एक व्यक्ति ने उन्हें जानकारी दी कि माइकी के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया गया था. मंजरी ने कहा- हमें बताया गया कि माइकी को बुरी तरह मारा गया और अधमरी हालत में खाड़ी के इलाके में फेंक दिया गया. हमने उसे बहुत ढूंढ़ा, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चला है.
मंजरी और उनके साथी अब माइकी को इंसाफ दिलाने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि वो और एक एनजीओ मिलकर इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं. भावुक होते हुए मंजरी ने सवाल किया- कोई किसी बेजुबान जानवर के साथ ऐसा कैसे कर सकता है?
माइकी से था खास लगाव
मंजरी ने बताया कि माइकी और एक और डॉग चार्ली साल 2019-20 के आसपास उनकी सोसायटी में आए थे. तभी से माइकी उनके बेहद करीब था. उन्होंने कहा- मैं उसके साथ खेलती थी, उसका ख्याल रखती थी, हम उसे नहलाते थे, उसकी ग्रूमिंग करवाते थे और उसे परिवार की तरह प्यार देते थे.
वीडियो में सुनाई दिल दहला देने वाली कहानी
अपने वीडियो में रोती-बिलखती हालत में मंजरी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि माइकी सोसायटी के बेसमेंट में आराम से सो रहा था, तभी किसी ने उसके सिर पर वार किया. एक्ट्रेस के मुताबिक- उसके बाद वो बुरी तरह घबरा गया. उसे घसीटकर सीढ़ियों के पास ले जाया गया और फिर और मारा गया. उसके मुंह से खून निकल रहा था. बाद में उसे एक बोरे में डालकर पीछे की खाड़ी में फेंक दिया गया.
मंजरी ने कहा कि अभी तक ये भी साफ नहीं है कि माइकी बच पाया या नहीं. फिलहाल उसकी तलाश जारी है.
'माइकी के लिए लड़ेंगे'
वीडियो के साथ मंजरी ने लिखा- हमारे माइकी की बेरहमी से हत्या कर दी गई और हम उसे इंसाफ दिलाकर रहेंगे. किसी भी सोसायटी में किसी भी जानवर के साथ ऐसा कभी नहीं होना चाहिए. लोगों को जानवरों को नुकसान पहुंचाने से डर लगना चाहिए. पशु क्रूरता के खिलाफ और सख्त कानूनों की जरूरत है.
मंजरी की पोस्ट के बाद कई बॉलीवुड सितारे उनके समर्थन में सामने आए हैं. भूमि पेडनेकर, अक्षा परदासानी, रिद्धिमा पंडित, उपासना सिंह, सोनल चौहान और सिंगर विनीत सिंह समेत कई सेलेब्स ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
अब सोशल मीडिया पर भी 'Justice For Mikey' की मांग जोर पकड़ रही है और लोग इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क