ओटीटी पर हर हफ्ते ढेरों फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन कम समय में बेहतरीन कंटेंट चुनना मुश्किल होता है. अगर आप इस वीकेंड कुछ सस्पेंस, इमोशन और देशभक्ति से भरपूर कंटेंट देखना चाहते हैं, तो जी5 पर एक से बढ़कर एक ऑप्शन मौजूद हैं. सच्ची घटना पर आधारित फौजी की कहानी से लेकर खेल जगत के काले सच और पारिवारिक ड्रामे तक, हमने आपके लिए खास चुनिंदा फिल्मों और सीरीज की लिस्ट तैयार की है, जो आपको बिल्कुल निराश नहीं करेंगी. आइए जानते हैं लिस्ट में कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज शामिल हैं.
1. जीत की जिद (Jeet Ki Zid)
यह सीरीज भारतीय सेना के जांबाज मेजर दीपेंद्र सिंह सेंगर की सच्ची कहानी पर आधारित है. कारगिल युद्ध के दौरान उनके शरीर का निचला हिस्सा पैरालाइज्ड हो जाता है. इसके बाद उनकी एक नई जंग शुरू होती है. वो अपनी जिद और हौसले से दोबारा अपने पैरों पर खड़े होकर सबको हैरान कर देते हैं.
क्यों देखें: यह सीरीज इंसान के कभी न हार मानने वाले जज्बे को दिखाती है. अमित साध ने फौजी के किरदार में बेहतरीन एक्टिंग की है. यह आपको भावनात्मक रूप से प्रेरित करेगी.
कास्ट: अमित साध, अमृता पुरी और सुशांत सिंह.
IMDb रेटिंग: 8.2/10
2. रश्मि रॉकेट (Rashmi Rocket)
यह कहानी एक तेज धाविका रश्मि की है. वो अपनी रफ्तार के दम पर देश के लिए मेडल जीतती है. इसके बाद उसे एक विवादित जेंडर टेस्ट (Hyperandrogenism) से गुजरना पड़ता है. फिल्म में उसके सम्मान और कानूनी लड़ाई को दिखाया गया है.
क्यों देखें: यह फिल्म महिला एथलीटों के साथ होने वाले जेंडर टेस्ट के काले सच को सामने लाती है. खेल जगत की राजनीति और कोर्ट रूम ड्रामा आपको अंत तक बांधे रखेगा.
मुख्य कास्ट: तापसी पन्नू, प्रियांशु पैन्युली और अभिषेक बनर्जी.
IMDb रेटिंग: 7.1/10
3. रक्षा बंधन (Raksha Bandhan)
लाला केदारनाथ अपनी चार बहनों के इकलौते भाई हैं. वो अपनी मरती हुई मां से वादा करते हैं कि बहनों की शादी के बाद ही खुद शादी करेंगे. दहेज की कुप्रथा और बहनों के लिए भाई का संघर्ष इस फिल्म का मुख्य केंद्र है.
क्यों देखें: यह एक पारिवारिक फिल्म है. फिल्म में भाई-बहन के रिश्ते के बीच कॉमेडी और इमोशन का अच्छा तालमेल है. यह समाज में दहेज जैसी कुप्रथा पर चोट करती है.
कास्ट: अक्षय कुमार, भूमि पेडनेकर और सादिया खतीब.
IMDb रेटिंग: 5.5/10
4. माएरी (Maeri)
यह एक क्राइम-ड्रामा सीरीज है. इसमें दिखाया गया है कि मुंबई के एक मध्यमवर्गीय परिवार की बेटी के साथ भयानक गैंगरेप होता है. जब कानून और सिस्टम परिवार को न्याय दिलाने में नाकाम रहते हैं, तब एक मां खुद अपराधियों से लड़ पड़ती है.
क्यों देखें: यह सीरीज एक मां के संघर्ष और उसकी हिम्मत को बयां करती है. मुख्य कलाकारों की एक्टिंग बहुत संजीदा है. समाज और सिस्टम की कमियों को यह गहराई से दिखाती है.
कास्ट: साई देवधर, तन्वी मुंडले, चिन्मय मांडलेकर और सागर देशमुख.
IMDb रेटिंग: 4.8/10
5. खोज: परछाइयों के उस पार (Khoj: Parchaiyo Ke Uss Paar)
यह एक मिस्ट्री-थ्रिलर वेब सीरीज है. वेद नाम के शख्स की पत्नी मीरा अचानक गायब हो जाती है. कुछ समय बाद एक दूसरी महिला वापस आती है और वेद की पत्नी होने का दावा करती है. लेकिन वेद को लगता है कि वो महिला उसकी पत्नी नहीं है, बल्कि कोई बहरूपिया है. यहीं से सच और वहम का खेल शुरू होता है.
क्यों देखें: इस सीरीज के ट्विस्ट और टर्न्स आपके दिमाग को झकझोर देंगे. अगर आपको मिस्ट्री और दिमागी खेल वाला सस्पेंस पसंद है, तो यह सीरीज आपको जरूर पसंद आएगी.
कास्ट: शारिब हाशमी, अनुप्रिया गोयनका और आमिर दलवी.
IMDb रेटिंग: 4.7/10
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क