'वो GAY था... इसलिए मारा? किसने दिया जान लेने का हक', मैड संधू की हत्या पर एक्टर का फूटा गुस्सा

अमृतसर में कंटेंट क्रिएटर मैड संधू की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई. सुशांत दिवगीकर ने पोस्ट कर दुख जताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

Advertisement
मैड संधु को क्यों मारा गया? (Photo: Screengrab) मैड संधु को क्यों मारा गया? (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:16 PM IST

अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर मधुसूदन संधू उर्फ मैड संधू की गोली मारकर हत्या ने सनसनी मचा दी है. लोहारका रोड इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और मौके से फरार हो गए. गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए मैड संधू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

इस खौफनाक वारदात के बाद अब ट्रांसजेंडर एक्टर-सिंगर सुशांत दिवगीकर उर्फ रानी कोहीनूर का सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है. मैड संधू की मौत पर सुशांत ने अपना गुस्सा और दुख जाहिर करते हुए लिखा- ये हो क्या रहा है?

Advertisement

सुशांत ने आगे मैड संधू को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उनकी आत्मा को शांति मिले. साथ ही उन्होंने कहा कि-हम एक समाज के तौर पर फेल हो गए हैं.

‘किसने दिया किसी की जान लेने का हक?’

सुशांत ने पोस्ट में सवाल उठाते हुए लिखा कि आखिर किसने किसी इंसान को दूसरे इंसान की जान लेने का अधिकार दिया? उन्होंने पूछा कि कौन-सी ऐसी ताकत है जो हमें किसी दूसरे की जिंदगी खत्म करने का हक देती है.

'कंटेंट क्रिएटर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन संधू उर्फ मैड संधू की हत्या के बारे में अभी पढ़ा. वजह क्या थी? क्योंकि वह गे (GAY) थे! आखिर हम किस दौर में आ गए हैं? इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. हमारे बच्चे रेप, हिंसा और हत्या का शिकार हो रहे हैं. आखिर हम उन्हें कैसे सुरक्षित रखेंगे?'

Advertisement

इतना ही नहीं, सुशांत ने मैड संधू की हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग भी की. पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा- ओम शांति.

शाम 6 बजे हुई वारदात, गोलियों से दहला इलाका

पुलिस अधिकारी एडीसीपी वेनिला के मुताबिक, वारदात शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर हुई. बाइक पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने मैड संधू पर अचानक फायरिंग कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.

गोली लगने के बाद मैड संधू को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा, पुलिस जांच में जुटी

सोशल मीडिया पर गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक गोल्डी ढिल्लों फरार बताया जा रहा है और उसके ब्रिटेन में छिपे होने की जानकारी सामने आई है.

पुलिस की कई टीमें मामले की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि उन्हें आरोपियों से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है. एक तरफ अमृतसर में हुई इस सनसनीखेज हत्या ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, तो दूसरी तरफ सुशांत दिवगीकर की पोस्ट ने इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर गुस्से और बहस को और तेज कर दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »