सलमान खान के विवादित ब्लैकबक केस पर बनी फिल्म काला हिरण लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. कुछ दिन पहले इसका टीजर रिलीज किया गया था, जिसमें कई सारे बॉलीवुड सेलेब्स नजर आए थे. एक्टर गोविंद नामदेव, जिन्होंने सलमान के साथ कई फिल्मों में काम किया, उन्हें इसमें एक वकील का रोल करते देखा गया.
गोविंद नामदेव ने भी काला हिरण फिल्म में होने पर सफाई दी. उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें ये फिल्म की कहानी के बारे में कोई अंदाजा नहीं था. उन्हें अंधेरे में रखकर फिल्म शूट कराई गई. जब उन्होंने ट्रेलर देखा, तब वो जान पाए कि ये सलमान के खिलाफ बनी फिल्म है. गोविंद नामदेव ने कहा था कि अगर उन्हें इसकी जानकारी पहले होती, तो वो इसका हिस्सा कभी नहीं बनते. सलमान उनके अच्छे दोस्त हैं और वो उनके खिलाफ ऐसा कोई काम नहीं करते.
गोविंद नामदेव की बातों से नाराज प्रोड्यूसर
एक्टर का बयान देखते ही देखते सुर्खियां बटोरने लगा था कि इतने में काला हिरण फिल्म बनाने वाले प्रोड्यूसर अमित जानी ने पहला रिएक्शन दे दिया. सोशल मीडिया पर उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए, गोविंद नामदेव को खूब खरी-खरी सुनाई. वीडियो में अमित जानी ने खुद पर लग रहे आरोपों पर कहा- ये सब क्या है? एक एक्टर जो है, उसकी रीढ़ की हड्डी इतनी कमजोर है कि वो एक मीटर की जीभ निकालकर किसी सुपरस्टार के पैरों की धूल चाटने में लगा हुआ है.
'जिस शूट के लिए उन्हें स्क्रिप्ट पढ़ाई गई थी. 1998 से लेकर 2018 तक जो काला हिरण की हत्या का केस चला जोधपुर की अदालत में. उन केस के 20 साल के पूरे सीन को लगातार 3-4 दिन तक जो व्यक्ति अदालत में स्क्रिप्ट के साथ सेट पर शूट करता रहा. उसको नहीं पता जीप पर खून लगा है. टायर में हिरण के बाल चिपके हैं.'
एक्टर के दावों को बताया झूठ
अमित जानी ने ये भी कहा कि गोविंद नामदेव, जो फिल्म में अयान खान नाम के शख्स के विरोध में खड़े होकर वकालत कर रहे हैं, उन्होंने सेट पर ब्लैकबक केस से जुड़ी हर चीज खुद अपने मुंह से बोली और क्रॉस एग्जामिन की. उन्होंने उस केस से जुड़े कितने डायलॉग लगातार बोले हैं. ऐसे में वो एक्टर अब इंटरव्यू में ये कह रहे हैं कि उनके साथ धोखा हुआ है. प्रोड्यूसर ने साफ किया कि बिना किसी स्क्रिप्ट के कोई एक्टर से शूटिंग नहीं कराई जा सकती.
उन्होंने आगे कहा- ये इतने बड़े आर्टिस्ट हैं, बिना स्क्रिप्ट के तो काम नहीं कराया गया. जो ये डायलॉग बोल रहे थे, वो क्या इनका जिन बोल रहा था? क्या ये कोर्ट में गनपॉइंट पर खड़े थे? इसमें गुमराह या चीटिंग वाली क्या बात है? फिल्म का टाइटल ही काला हिरण है. ये 1998 केस से प्रेरित है, और इन्होंने एग्रीमेंट भी साइन किया है. ना सिर्फ इस फिल्म के लिए बल्कि काला हिरण फिल्म का जो सेकेंड पार्ट आ रहा है, उसका भी एग्रीमेंट साइन किया है.
अमित जानी ने कहा है कि गोविंद नामदेव ने उनसे साइन किया गया एग्रीमेंट तोड़ा है. उन्होंने फिल्म और प्रोडक्शन हाउस की बदनामी की है जिससे उन्हें नुकसान हुआ है. प्रोड्यूसर ने खुलासा किया है कि वो एक्टर के खिलाफ लीगल एक्शन लेने वाले हैं. वो उन्हें उनकी कही हुई बातों के लिए नोएडा कोर्ट तक आने पर मजबूर करेंगे. क्योंकि धोखा गोविंद नामदेव के साथ नहीं, प्रोडक्शन हाउस के साथ हुआ है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क