बॉलीवुड एक्ट्रेस जुनैद खान ने अपने पेरेंट्स आमिर खान और रीना दत्ता के तलाक को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि तलाक के बावजूद उन्होंने पेरेंटिंग को बहुत मैच्योर तरीके से हैंडल किया. एक्टर ने आमिर की एक्स वाइफ किरण राव और गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ अपने अच्छे बॉन्ड के बारे में भी बताया. जुनैद ने कहा कि वो दोनों 'बहुत अच्छी' इंसान हैं.
विक्की लालवानी से बात करते हुए जुनैद खान ने गौरी स्प्रैट के बारे में कहा, 'गौरी बहुत अच्छी हैं, बहुत स्वीट हैं. मैं सच में उनके लिए (आमिर) बहुत खुश हूं. मुझे नहीं पता मीडिया को बताने से पहले कितना समय बीता होगा. आखिरकार यह उनका पर्सनल रिश्ता है और वैसा ही रहेगा.'
किरण राव के बारे में उन्होंने कहा, 'हां. बिल्कुल भी मुश्किल नहीं था. वे बहुत अच्छी, स्वीट और गर्मजोशी भरी इंसान हैं. हमारा हमेशा अच्छा बॉन्ड रहा. हमारी तरफ से कोई आशंका नहीं थी. मुझे लगता है कि इस स्थिति में सभी बड़े लोग अडल्ट्स जैसे व्यवहार कर रहे थे, इसलिए हम बच्चों के लिए यह बहुत आसान था.'
जुनैद खान ने यह भी बताया कि वे गौरी को उनके नाम से पुकारते हैं, जबकि किरण को कई सालों तक 'किरण आंटी' कहते थे. जब वे 15-16 साल के थे, तब किरण ने खुद उनसे कहा कि अब उन्हें किरण नाम से बुलाएं. उन्होंने यह भी कहा कि पूरा परिवार अभी भी एक-दूसरे से 100 मीटर की दूरी के अंदर रहता है.
आमिर-रीना के तलाक पर बोले जुनैद
पेरेंट्स के अलग होने पर बात करते हुए जुनैद खान ने कहा कि उस समय वे बहुत छोटे थे और पूरी बात नहीं समझ पाते थे. एक्टर ने बताया, 'मैं शायद 7-8 साल का रहा होऊंगा, इसलिए मुझे इसका अंदाजा नहीं था. लेकिन एक बात, मॉम और डैड हमेशा हमारे मामले में एक ही पेज पर रहे. पहली बार जब मुझे पता चला कि वे किसी बात पर असहमत भी हो सकते हैं, तब मैं 19 साल का था.'
जुनैद ने 19 साल की उम्र की एक घटना भी याद की, जिसमें उन्हें एहसास हुआ कि उनके पेरेंट्स भी किसी दूसरे कपल की तरह असहमत हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि आमिर और रीना के बीच एक बहस के बाद उनके पिता ने उनकी उम्र पूछी, जिस पर उनकी मां ने कहा कि अब वे काफी बड़े हो गए हैं और समझ सकते हैं कि उनके पेरेंट्स हर बात पर हमेशा एकमत नहीं होंगे. इसके बावजूद उन्होंने कहा कि बच्चों के मामले में उनके माता-पिता हमेशा एकजुट रहे. जुनैद ने बताया कि ज्यादातर बातें दोनों के साथ होती थीं, जो आज भी कभी-कभी जारी है.
तलाक और पेरेंटिंग के तरीके पर अपने विचार रखते हुए जुनैद खान ने कहा कि उनके पेरेंट्स ने पूरे मामले को बहुत मैच्योरिटी से हैंडल किया. उन्होंने यह भी कहा कि 'दो अच्छे लोग जरूरी नहीं कि हमेशा एक-दूसरे के साथ अच्छे रहें' और उन्हें लगता है कि दो खुश माता-पिता अलग-अलग रहें तो बेहतर है, बजाय इसके कि दोनों दुखी होकर साथ रहें.
प्रोजेक्ट्स की बात करें तो जुनैद हाल ही में साई पल्लवी के साथ फिल्म 'एक दिन' में नजर आए थे. ये फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और फ्लॉप हो गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें अगली बार फिल्म 'रागिनी एमएमएस 3' में तमन्ना भाटिया के साथ देखा जा सकता है. ये फिल्म एकता कपूर प्रोड्यूस कर रही हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क