कई तारीखें दिल तोड़ने वाली होती हैं, जिन्हें कभी कोई याद नहीं करना चाहता. 29 अप्रैल 2020 भी वही तारीख है. यही वो दिन है, जब हम सबके चहेते इरफान खान दुनिया छोड़कर चले गए थे. इरफान भले ही आज दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी जिंदगी की कहानियां आज भी यादों में जिंदा हैं. फिल्म इंडस्ट्री में इरफान का सफर बिल्कुल आसान नहीं था. एक समय ऐसा था जब वो सुपरस्टार राजेश खन्ना के घर एसी रिपेयर के लिए गए थे.
जब राजेश खन्ना के घर पहुंचे थे इरफान खान
एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले इरफान खान बतौर इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे. एक बार ट्रेनिंग के दौरान उन्हें जयपुर से मुंबई आने के बाद राजेश खन्ना के घर जाने का मौका मिला. इरफान, राजेश खन्ना के घर उनका एसी ठीक करने गए थे. इंडिया टुडे संग बातचीत में उन्होंने बताया था कि जब वो राजेश खन्ना के घर एसी ठीक करने पहुंचे, तो उनकी हाउसहेल्प ने गेट खोला था. क्योंकि वो इंडस्ट्री से नहीं थे. इसलिए सुपरस्टार को देखकर बहुत खुश हो गए.
राजेश खन्ना के घर काम करते हुए उन्हें आइडिया आया कि अगर वो एयर कंडीशनिंग सीख गए, तो बाहर निकल पाएंगे. बाहर निकलकर ही पैसा कमाया जा सकता है. इरफान ने बताया कि मुंबई में ट्रेनिंग के बाद वो जयपुर वापस लौट गए थे. वहां वो कुछ काम करना चाहते थे. लेकिन उनके पिता जी ने उन्हें पंखे की दुकान पर काम के लिए बैठा दिया. उन्होंने बताया था कि जब मैं दुकान पर बैठकर पंखे साफ करने लगा, तब एहसास हुए कि मैं सिर्फ पैसे कमाने के लिए पैसा नहीं कमा सकता.
इरफान पठान ने अपनी पहली सैलरी से वीसीआर खरीदी थी. उन्होंने ये भी बताया था कि अभिनेता होना उनकी आंतरिक पुकार नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की इच्छा थी.
टीवी से शुरू हुआ सफर
इरफान खान ने करियर की शुरुआत दूरदर्शन के सीरियल 'श्रीकांत' से की थी. इसके बाद उन्होंने 'भारत एक खोज', 'चाणक्य', 'चंद्रकांता', 'बनेगी अपनी बात' और संजय खान के सीरियल 'जय हनुमान' में काम किया. फिल्म 'सलाम बॉम्बे' से उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा. फिर वो 'हासिल', 'पान सिंह तोमर' और 'साहिब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स' जैसी कई मूवीज का हिस्सा बने.
इरफान अपनी एक्टिंग से लोगों का जीत रहे थे, तभी मार्च 2018 में उन्हें न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर नामक दुर्लभ कैंसर होने का पता चला. 2 साल तक कैंसर की जंग लड़ने के बाद 2020 में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क