बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम एक बार फिर 'RCB-RCB' के नारों से गूंज उठा. आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने हैं. वहीं स्टैंड्स में मौजूद खास मेहमानों ने इस मैच की रौनक को दोगुना कर दिया है.
दरअसल बेंगलुरु के अपने घरेलू मैदान पर टीम का हौसला बढ़ाने के लिए न केवल एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा पहुंचीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार खिलाड़ी भी आरसीबी को सपोर्ट करने के लिए स्टैंड्स में डटी हुई हैं.
मैच की औपचारिक शुरुआत हमेशा की तरह राष्ट्रगान के साथ हुई. इस दौरान कैमरे की नजर विराट कोहली की पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा पर पड़ी. उनके चेहरे पर वही पुरानी मुस्कान दिखीं और वो आरसीबी को चीयर करते हुए नजर आईं.
दिलचस्प बात यह रही कि उनके ठीक पास भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान और आरसीबी की महिला टीम की स्टार स्मृति मंधाना भी खड़ी थीं. इन दोनों दिग्गजों की फोटो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई.
RCB को सपोर्ट करने पहुंचीं महिला क्रिकेटर्स
सिर्फ स्मृति मंधाना ही नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट जगत की अन्य उभरती हुई सितारे भी आरसीबी को चीयर करने के लिए स्टेडियम पहुंची हैं. स्पिनर श्रेयंका पाटिल और विस्फोटक बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को भी स्टैंड्स में आरसीबी की जर्सी और टीम के झंडे के साथ देखा गया.
बता दें कि खेल शुरू होने से पहले खिलाड़ियों, दर्शकों और स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों ने उन 11 लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा, जिनकी पिछले सीजन में भगदड़ के दौरान जान चली गई थी. जान गंवाने वाले लोगों के लिए स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा खाली रखने का फैसला भी लिया गया है.
अब उस घटना के बाद 28 मार्च 2026 शनिवार को RCB बनाम SRH IPL 2026 का पहला मैच है.
वहीं RCB ने इससे पहले टॉस जीतकर पहले मैच में फील्डिंग करने का फैसला किया. इस सीजन के पहले मैच में कई नए चेहरे मैदान पर उतर रहे हैं, जिनमें अभिनंदन सिंह, सलिल अरोड़ा और जैकब डफी अपना डेब्यू हैं.
aajtak.in