एक्ट्रेस हुमा कुरैशी की फिल्म बेबी डू डाई डू (Baby Do Die Do) का ट्रेलर हाल ही में आया है, जिसे फिल्म फैंस से बहुत चर्चा मिल रही है. अपने ही प्रोडक्शन हाउस की इस फिल्म में हुमा एक देसी 'हिटवुमन' यानी किलर के रोल में हैं. उनके इस किरदार को इंडियन सिनेमा की पहली 'हिटवुमन' भी कहा जा रहा है.
बेबी डू डाई डू के ट्रेलर को सिनेमा लवर्स से जमकर तारीफ मिली है. इसका एक्शन और हुमा की परफॉर्मेंस जनता को बहुत पसंद आ रही है. बड़ी बात यह है कि इस ट्रेलर पर अब हॉलीवुड के टॉप फिल्ममेकर जैक स्नाइडर ने भी मुहर लगा दी है.
जैक स्नाइडर ने 300 (2006), मैन ऑफ स्टील (सुपरमैन फिल्म) और जस्टिस लीग (2017) जैसी पॉपुलर हॉलीवुड फिल्में डायरेक्ट की हैं. उन्हें इंटरनेशनल फिल्म फैंस कल्ट डायरेक्टर की तरह ट्रीट करते हैं. जैक ने अपने इंस्टाग्राम पर, हुमा की फिल्म बेबी डू डाई डू का ट्रेलर शेयर किया है.
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'अभी बेबी डू डाई डू का ट्रेलर देखा और जो दिखा वो मुझे बहुत पसंद आया. यह फिल्म महत्वाकांक्षी, सिनेमैटिक और अद्भुत तरीके से बनाई गई है. हुमा के साथ पहले काम करने के बाद, एक और फिल्म में उनकी दमदार परफॉर्मेंस देखना बहुत अच्छा लगा.' बॉलीवुड में अपने दमदार काम के लिए मशहूर हुमा, जैक स्नाइडर की हॉलीवुड फिल्म में काम कर चुकी हैं. 2021 में आई स्नाइडर की फिल्म आर्मी ऑफ द डेड में हुमा ने गीता रंजन नाम का सपोर्टिंग किरदार निभाया था.
हुमा और उनके एक्टर भाई साकिब सलीम की प्रोडक्शन कंपनी है— 'सलीम सिबलिंग्स'. बेबी डू डाई डू इसी कंपनी की प्रोडक्शन है. हुमा ने इस फिल्म में एक गूंगी-बहरी लड़की, बेबी का किरदार निभाया है. यह लड़की दोहरा किरदार जीती है— एक तरफ तो वह एक एनजीओ वर्कर है, दूसरी तरफ तगड़ी स्किल्स वाली एक किलर है. लेकिन एक मिशन गड़बड़ होने के बाद पूरी कहानी गड़बड़ हो जाती है. उसकी अपनी पहचान और पास्ट की कहानी के पेंच इस कहानी में उलझ जाते हैं. बेबी डू डाई डू के ट्रेलर को ऑडियंस से काफी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है. यह फिल्म 3 जुलाई को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क