गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा बॉलीवुड में अपना पहला कदम रखने के लिए तैयार हैं. उनकी डेब्यू फिल्म हीरो की हॉररोइन थिएटर में रिलीज होने वाली है. अगले साल जनवरी के महीने में फिल्म की रिलीज डेट पक्की की गई है. लेकिन पिक्चरों में हीरो बनने से पहले, यशवर्धन की शादी की चर्चा तेज होने लगी है.
गोविंदा के बेटे यश और मशहूर कॉमेडियन-एक्टर जॉनी लीवर की बेटी जेमी लीवर की शादी से जुड़ी बात सामने आ रही है. इसका खुलासा खुद जेमी ने इंस्टाग्राम के जरिए किया है. उनका दावा है कि कुछ लोग उनका और यश का AI वीडियो बनाकर फैला रहे हैं, जिससे उन्हें शादी की मुबारकबाद मिल रही है.
शादी पर उड़ी अफवाहों से हैरान जेमी
जॉनी लीवर की बेटी ने कहा है- मेरी शादी. मेरी शादी के लिए मुझे पता है कि बहुत सारे लोग चिंतित हैं. सोच रहे हैं, हो रही है, कब हो रही है और इसके चलते कुछ AI से नकली वीडियो बनाए गए हैं जो इंटरनेट पर फैल रहे हैं.
'पहले मुझे काफी हंसी आई. मैंने एंजॉय किया. हम लोग कजिन आपस में एक दूसरे को वीडियो भेज रहे थे और हम काफी हंस रहे थे. लेकिन अब ऐसा हो गया है कि बहुत सारे कॉल आने लग गए और मुझे बधाई के लिए. लेकिन ये सारे वीडियो और सारी जानकारी फेक है. अब इसकी वजह से क्या है? थोड़ी सी दिक्कत होने लग गई है.'
जेमी को फेक वीडियो से हो रहा नुकसान
जेमी ने बताया कि इन मुबारकबाद वाले कॉल की वजह से उन्हें जो असली रिश्ते आने वाले थे या आ रहे थे, वो भी आने बंद हो गए हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वो ऐसे वीडियो ना बनाएं जिससे उनका नुकसान हो. जॉनी लीवर की बेटी ने आगे कहा- ये जो AI वीडियो लोगों ने बनाया बड़े क्रिएटिव, मतलब ऐसे एकदम मेरा दुल्हन के गेटअप, शादी के जोड़े में.
'वो सब तो काफी क्रिएटिव है और आप लोग को काफी व्यूज मिल गए ना अभी. तो अब आप वो सारे वीडियो हटा दो क्योंकि क्योंकि व्यूज आपको मिल गए. सबकी जानकारी के लिए बता दूं कि ये वीडियोज और ये जानकारी पूरी तरह से फेक है तो प्लीज इस पर विश्वास मत कीजिए और जो लोग ऐसे ही खुश हो रहे थे, मुझे माफ करना मगर आपको अभी असली न्यूज के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा.'
जेमी ने अंत में यशवर्धन आहूजा संग अपनी अफवाहों पर कहा- वो मेरा बहुत अच्छा छोटा भाई है और हम लोग साथ में फिल्म भी कर रहे हैं. भाई है मेरा, छोटा है मुझसे काफी तो बेकार की वीडियो मत बनाइए. ये बहुत खराब लगता है और अभी बस आप लोग बस एंजॉय करो यार. बाहर जाओ मस्ती करो. क्या फोन में AI वीडियो बनाते रहते हो. दिमाग खराब कर रहे हो यार. चलो यार अपना काम करो.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क