24 जुलाई को 'रामायण' का मच-अवेटेड ट्रेलर रिलीज होने वाला था, लेकिन अब रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है. अब रामानंद सागर की 'रामायण' में सीता का अमर किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने फिल्म को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है. उन्होंने साईं पल्लवी के सीता बनने से लेकर रणबीर कपूर, यश और अरुण गोविल तक पर बेबाकी से बात की. साथ ही बताया कि कैसे 'सीता' का किरदार उनकी सबसे बड़ी पहचान तो बना, लेकिन इसी वजह से उनका करियर भी प्रभावित हुआ.
'साईं पल्लवी बेहतरीन एक्ट्रेस हैं, लेकिन...'
वरायटी इंडिया से बातचीत में दीपिका ने कहा कि उन्होंने साईं पल्लवी का काम देखा है और वह शानदार कलाकार हैं. हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि वह सीता के किरदार में कितनी फिट बैठेंगी.
उन्होंने कहा- मैंने उनका काम देखा है. वह कमाल की एक्ट्रेस हैं. लेकिन वह सीता के रूप में कैसी दिखेंगी, यह फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा. अभी मुझे कोई अंदाजा नहीं है. तुलसीदास की रामायण में सीता का जो वर्णन है, उसमें उनकी आंखें, कद, बाल और रंग-रूप का जिक्र है. रामानंद सागर उसी तरह की सीता की तलाश में थे और उन्हें वह मुझमें दिखी. बाकी सभी कलाकार अच्छे हैं. अगर वे किरदार के हिसाब से फिट बैठते हैं, तो यह अच्छी बात है.
'नई रामायण पर हमारी रामायण का असर रहेगा'
दीपिका ने कहा कि रामानंद सागर की 'रामायण' आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है और उसका असर नई फिल्म पर जरूर दिखाई देगा. उन्होंने कहा- आज भी लोग मुझे मेरे नाम से कम और सीता के नाम से ज्यादा जानते हैं. यही मेरी पहचान बन गई है. एक कलाकार के तौर पर हर कोई अलग-अलग किरदार निभाना चाहता है, लेकिन कोई भी हमेशा एक ही इमेज में बंधना नहीं चाहता.
आगे उन्होंने कहा- हमारी 'रामायण' का असर इस फिल्म पर बहुत भारी रहेगा. कोरोना के दौरान जब इसे दोबारा दूरदर्शन पर दिखाया गया, तब नई पीढ़ी ने भी इसे देखा. ऐसे में लोगों के मन से उस रामायण को मिटाना आसान नहीं होगा. और जहां तक मुझे याद है, रामायण में कहीं भी सीता के घुंघराले बालों का जिक्र नहीं है.
'सीता बनने की कीमत चुकाई, काम मिलना बंद हो गया'
दीपिका ने बताया कि 'सीता' की जबरदस्त पॉपुलैरिटी उनके लिए एक मुश्किल भी बन गई. उन्होंने कहा- रामायण के बाद मुझे काम ही नहीं मिला. आज भी मैं लोगों से काम मांगती हूं. रणबीर कपूर 'बर्फी', 'संजू' और 'एनिमल' जैसी फिल्में करने के बाद अब भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. आज का दौर अलग है. हमारे समय में कलाकार एक ही तरह के रोल में बंध जाते थे. आज भी लोगों के लिए मुझे किसी दूसरे किरदार में देखना मुश्किल है. इसी वजह से मैंने प्रोडक्शन की तरफ रुख किया.
'यश दमदार होंगे, लेकिन पुरानी रामायण...'
रावण के रोल में यश को लेकर दीपिका ने भरोसा जताया, लेकिन साथ ही कहा कि दर्शकों का भावनात्मक जुड़ाव अब भी रामानंद सागर की 'रामायण' से है. उन्होंने कहा- मैंने यश का थोड़ा-बहुत काम देखा है. मुझे यकीन है कि वह रावण के रोल में दमदार लगेंगे. लेकिन पुरानी 'रामायण' को लोगों के दिलों से मिटाना बहुत मुश्किल है. अगर यह फिल्म 50 साल बाद आती, तो शायद लोग पुरानी कास्ट को भूल जाते. लेकिन अभी वह यादें बिल्कुल ताजा हैं.
नितेश तिवारी को दिया खास संदेश
दीपिका ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा- इस फिल्म से जुड़े सभी लोग बेहद प्रतिभाशाली हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि लोग इस फिल्म को कम से कम एक बार जरूर देखना चाहेंगे. हमारी 'रामायण' की सबसे बड़ी ताकत यह थी कि हर कलाकार अपने किरदार में बिल्कुल फिट बैठता था. इसके अलावा रविंद्र जैन का संगीत भी उसकी सफलता की बड़ी वजह बना.
'रामायण' में कौन निभा रहा है कौन-सा किरदार?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' दो पार्ट में रिलीज होगी. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और यश रावण के रोल में नजर आएंगे. इनके अलावा सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), अरुण गोविल (दशरथ), लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल कपूर, शीबा चड्ढा और आदिनाथ कोठारे भी अहम भूमिकाओं में हैं. करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस मेगा प्रोजेक्ट का संगीत पहली बार हांस जिमर और ए.आर. रहमान ने मिलकर तैयार किया है. 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 और 'पार्ट 2' दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क