देओल परिवार का बॉन्ड किसी से छिपा नहीं है. बीते दिनों परिवार ने अपने सबसे पसंदीदा मेंबर धर्मेंद्र को खोया. उनके निधन से अभी तक देओल परिवार उभर नहीं पाया है. धर्मेंद्र का जिक्र होने पर अक्सर सनी और बॉबी देओल के आंसू निकल आते हैं. धर्मेंद्र के सभी बच्चे उनसे बेशुमार प्यार करते हैं. एक इंटरव्यू में बॉबी ने पिता धर्मेंद्र को लेकर बात की.
बॉबी का खुलासा
उन्होंने कहा कि वो पिता के साथ ज्यादा वक्त न बिता पाने को लेकर पछताते हैं. एक्टर ने कबूला कि पिता के निधन का दुख उन्हें अपनी सौतेली बहनों ईशा और अहाना के करीब लाया है. Esquire India संग बातचीत में बॉबी ने बताया कैसे धर्मेंद्र के गुजरने के बाद उनका परिवार साथ आया. वो कहते हैं- मुझे लगता है काश मैं पापा के साथ ज्यादा बैठता. काश मैंने उनसे ज्यादा सवाल पूछे होते. अब मैं अपने बेटों, परिवार और फैमिली को लेकर ज्यादा सतर्क रहता हूं. उनपर ज्यादा ध्यान देता हूं.
''बॉक्स ऑफिस, रिव्यू, रोल... आखिर में ये सब मैटर नहीं करता है. आप अपनों के साथ कितना वक्त गुजारते हो, सक्सेस उससे मैटर करती है. फेम और पैसे का क्या मतलब है जब इसे आपके साथ देखने वाला कोई ना हो. मैं इंस्टा पर पापा की रील्स देखता रहता हूं. वो कैंडिड थे. कभी-कभी ऐसा लगता है कि वो डायरेक्टली मुझसे ही बात कर रहे हैं.''
बॉबी ने पिता के निधन के बाद सौतेली बहनों संग रिश्ते और गहरे होने का खुलासा किया. एक्टर ने कहा- मुझे लगता है हम सभी पिता को खोने के दुख से अपने तरीके से डील कर रहे हैं. कभी-कभी होता है कि आप एक दूसरे को गलत समझते हो. हर कोई अपना दुख दूसरे से बेहतर समझता है. लेकिन आप उसे समय दो. चीजों को हील होने दो. एक बड़ा नुकसान या दर्द भी परिवार को करीब लाने का अपना एक तरीका है.
धर्मेंद्र का निधन पिछले साल 24 नवंबर को हुआ था. वो 89 साल की उम्र में दुनिया छोड़कर गए. कई दिनों तक वो मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहे थे. लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. एक्टर की स्क्रीन पर आखिरी झलक देखकर फैंस का दिल टूट गया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क