बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा सोशल मीडिया पर अपने वीडियोज को लेकर सुर्खियों में हैं. कुछ समय पहले उन्होंने उन लोगों को फटकार लगाई थी, जिन्होंने स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गालियां दी थीं. इसके लिए उन्हें जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. अब भूमि ने एक और नया वीडियो डाला है, मगर इस बार फीमेल प्रोटेस्टर को मिली रेप की धमकियों पर बात की है.
भूमि का टूटा दिल
जंतर मंतर पर एक फीमेल स्टूडेंट, जो नीट मामले में प्रोटेस्ट कर रही थी उसे लगातार सोशल मीडिया पर रेप की धमकियां मिल रही हैं. ये बात सुनकर भूमि पेडनेकर का दिल दुखा. उनका कहना है कि ये सारी धमकियां बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं. वीडियो में एक्ट्रेस ने कहा- मैंने इंटरनेट पर एक वीडियो देखा, जिसमें प्रोटेस्ट में शामिल एक लड़की इंटरव्यू दे रही थी.
'उसे देखकर साफ लग रहा था कि वो बहुत डरी हुई और मेंटली टूट चुकी है. उसका एक वीडियो वायरल होने के बाद से उसे लगातार रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. यहां तक कि उसकी मां को भी ऐसी ही धमकियां मिलीं. ये बिल्कुल भी सही नहीं है. सिर्फ इसलिए कि हम किसी की राय से सहमत नहीं, हम किसी छोटी लड़की को इस तरह डराकर नहीं रख सकते हैं.'
भूमि ने आगे महिलाओं को लगातार रेप और जान से मारने की धमकियों मिलने पर दिल की बात कही- एक महिला होने के नाते हमें वैसे भी काफी परेशानियों और उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है. एक पब्लिक फिगर होने के कारण मैं खुद भी इस दौर से गुजर चुकी हूं. इसका किसी की मेंटल हेल्थ पर कितना गहरा और लंबे समय तक असर पड़ता है, इसे शब्दों में बताना मुश्किल है. हम सभी चाहते हैं कि हमारा देश आगे बढ़े. अगर हम सही बात के लिए, सही तरीके से और एकजुट होकर आवाज उठाएंगे, तभी सही मायनों में विकास होगा. बस मैं यही बात आप सबसे कहना चाहती थी.'
इंटरनेट ने जताई नाराजगी
भूमि पेडनेकर को अपने इस वीडियो के लिए सपोर्ट कम और नफरत का ज्यादा सामना करना पड़ा है. कई लोगों ने कहा है कि उनका ये वीडियो स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बाद नुकसान की भरपाई करने के लिए आया है. कुछ ने ये भी कहा कि अब एक्ट्रेस अपनी खोई हुई ऑडियंस को वापस लाना चाहती हैं.
भूमि को अपने पिछले वीडियो के लिए भी इसी तरह की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. लोगों ने कहा था कि वो स्टूडेंट के बारे में सोचना छोड़कर अपनी एक्टिंग पर ज्यादा फोकस करें. एक्ट्रेस के लिए पिछला कुछ वक्त उनकी प्रोफेशनल लाइफ में उतना सही नहीं बीत रहा है. उनकी पिक्चरें बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पा रहीं. अब देखना है कि भूमि पेडनेकर किस तरह इन आलोचनाओं को तारीफों में बदल पाएंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क