हॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर जेम्स कैमरून की जादुई दुनिया 'पेंडोरा' एक बार फिर दर्शकों के घर दस्तक देने के लिए तैयार है. लंबे इंतजार के बाद, बेहतरीन विजुअल्स और दिल छू लेने वाली कहानी से सजी अमेरिकन साइंस-फिक्शन फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' (Avatar: Fire and Ash) आखिरकार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है.
सिनेमाघरों में धूम मचाने के बाद अब दर्शक इस एडवेंचरस सफर का आनंद अपने मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर ले सकेंगे. यह फिल्म न केवल जेक और नेतिरी की कहानी को आगे बढ़ाती है, बल्कि पेंडोरा के उन हिस्सों को भी दिखाती है जिन्हें अब तक नहीं देखा गया था.
कब और किस प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज?
अगर आप इस फिल्म को सिनेमाघरों में देखने से चूक गए थे, तो अब आपके पास शानदार मौका है. 'अवतार: फायर एंड ऐश' का डिजिटल प्रीमियर 24 जून, 2026 को होने जा रहा है. यह फिल्म 'Disney+ ' पर स्ट्रीम की जाएगी. खास बात यह है कि भारतीय दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए इसे अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा.
बॉक्स ऑफिस पर गाड़े सफलता के झंडे
'अवतार: फायर एंड ऐश' ने पर्दे पर आते ही रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी थी. BOx Office Mojo के मुताबिक 19 दिसंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर लगभग $1.48 बिलियन (करीब ₹14 हजार करोड़ से ज्यादा) का कलेक्शन किया था. इस कमाई के साथ यह साल 2025 की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म और अब तक के फिल्मी इतिहास की 16वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. दर्शकों और समीक्षकों ने इसे खूब सराहा है, यही वजह है कि IMDb पर इसे 7.3/10 की शानदार रेटिंग मिली है.
दिग्गज कलाकारों से सजी है फिल्म
जेम्स कैमरून के डायरेक्शन में बनी इस मल्टी-स्टारर फिल्म में हॉलीवुड के कई बड़े नाम शामिल हैं. फिल्म में केट विंसलेट, जो साल्डाना और जियोवानी रिबिसि जैसे कलाकारों ने अपनी बेहतरीन एक्टिंग से जान फूंक दी है. फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी साइमन फ्रैंगलन ने संभाली, जबकि सिनेमैटोग्राफर रसेल कारपेंटर ने पेंडोरा की उस रहस्यमयी दुनिया को बेहद खूबसूरती से कैमरे में कैद किया है. शानदार एनिमेशन और जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस इस फिल्म को देखने का अनुभव दोगुना कर देते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क