अरिजीत ने किया प्रीतम को फोन, कर दिया रिटायरमेंट का ऐलान, ऐसी क्या हुई बात?

अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने पर प्रीतम चक्रवर्ती ने बात की है. उन्होंने बताया कि वो लंबे समय से ब्रेक लेना चाह रहे हैं लेकिन कर नहीं पा रहे हैं. अरिजीत के फैसले ने उन्हें भी हैरान कर दिया था.

Advertisement
अरिजीत को चाहिए ब्रेक (Photo: Getty Images/ Instagram) अरिजीत को चाहिए ब्रेक (Photo: Getty Images/ Instagram)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:36 PM IST

अरिजीत सिंह ने जब प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया, तो उनके फैंस हैरान रह गए. अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले अरिजीत ने साफ कहा कि लगातार काम और दबाव के बीच अब उन्हें एक ब्रेक की जरूरत महसूस हो रही है. हालांकि, म्यूजिक कंपोजर प्रीतम चक्रवर्ती का मानना है कि ये रिटायरमेंट नहीं है. आर्टिस्ट कभी रिटायर नहीं होते. वो फिर से जरूर गाएंगे.

Advertisement

प्रीतम ने बताया कि वो भी लंबे समय से रिटायरमेंट प्लान कर रहे हैं पर कर नहीं पा रहे हैं. एक बार अरिजीत से इस बारे में उनकी फोन पर बात भी हुई थी. तब सिंगर ने कहा था कि वो ऐसा नहीं कर पाएंगे. प्रीतम ने ये भी कहा कि अरिजीत के इस फैसले ने उन्हें खुद भी अपने काम से ब्रेक लेने के बारे में दोबारा सोचने पर मजबूर कर दिया. उन्होंने कहा कि वो काफी समय से हिम्मत जुटा रहे थे, लेकिन अरिजीत ने बिना ज्यादा सोचे वही कर दिया जो उनका मन था.

अरिजीत के ब्रेक की असली वजह

प्रीतम ने कहा कि अरिजीत सिंह जैसे कलाकार कभी सच में रिटायर नहीं होते. वो बस थोड़ा ब्रेक लेते हैं और फिर उस चीज पर ध्यान देते हैं, जिसमें उनकी ज्यादा दिलचस्पी होती है. उसे अपनी रफ्तार से चलने दीजिए. वो अभी बहुत कुछ नया करना चाहता है. शुरुआत में ही वो एक बेहद खूबसूरत और मतलब से भरी कहानी वाली फिल्म डायरेक्ट कर रहा है.

Advertisement

'इसके अलावा ये उसकी जिंदगी है, उसकी आवाज है, इसलिए कब गाना है, कब नहीं गाना है, क्या गाना है और क्या नहीं गाना है, ये फैसला भी उसी का होना चाहिए. वो लगातार इतने ज्यादा गाने गा रहा था कि शायद फिलहाल उसका मन गाने का नहीं है. कई बार डायरेक्टर्स भी हम सब पर काफी दबाव डालते हैं. मुझे भी कई बार किसी को मना करना मुश्किल लगता है. उसे थोड़ा वक्त दीजिए, सब ठीक हो जाएगा.'

प्रीतम ने आगे कहा कि- लोग उसके रिटायरमेंट को लेकर जरूरत से ज्यादा सोच रहे हैं. उस पर इतना दबाव क्यों डाल रहे हो? उसे जो करना है, करने दो. जब उसका मन करेगा, वो फिर गाएगा. कोई कहता है कि अगर वो रिटायर हो गया है तो उसके गाने अभी भी क्यों रिलीज हो रहे हैं? अरे, लेकिन आपको इससे इतनी परेशानी क्यों है? आप उसके पीछे क्यों पड़े हैं? उसकी भी अपनी जिंदगी है. हर कलाकार कभी न कभी ब्रेक चाहता है. कई चीजें हमें अंदर से परेशान करती हैं.

अरिजीत के फैसले का प्रीतम पर असर

प्रीतम ने बताया कि अरिजीत के इस फैसले ने उन्हें भी अपने काम से दूरी बनाने के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया. उन्होंने एक मजेदार किस्सा भी सुनाया. प्रीतम ने बताया कि अरिजीत ने एक दिन पहले उनसे कहा था कि वो उनके साथ ही रिटायर होंगे, लेकिन अगले ही दिन खुद ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया.

Advertisement

प्रीतम ने कहा- मैं कई बार अरिजीत से रिटायरमेंट की बात कर चुका हूं. उसके होमटाउन जियागंज में सब लोग जा चुके हैं, बस मैं नहीं गया. वो मजाक में कहता था, ‘आप नहीं आओगे.’ मैंने उससे कहा था, ‘मैं रिटायर होने के बाद तुम्हारे पास आऊंगा और हम दोनों तारापीठ जाएंगे.’ पिछले एक साल से वो मुझसे ये बातें सुन रहा था. एक रात उसने कहा, ‘जिस दिन आप रिटायर होंगे, उसी दिन मैं भी रिटायर हो जाऊंगा.’ अगले ही दिन उसने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया. बाद में उसने मुझे फोन करके कहा, ‘आपसे नहीं होगा.'

इस साल जनवरी में अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर साफ कहा था कि वह अब कोई नया प्लेबैक सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे. हालांकि उनके कुछ पुराने प्रोजेक्ट्स अभी बाकी हैं, इसलिए अगले दो साल तक उनके नए गाने सुनने को मिल सकते हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement