संगीतकार एआर रहमान का 'रामायण' से जुड़ाव एक दिलचस्प कहानी के साथ सामने आया है. 21 अक्टूबर को चेन्नई में फिल्म के एल्बम लॉन्च इवेंट के दौरान, संगीतकार ने बताया कि एक दशक से भी पहले उन्हें एक व्यक्ति का ईमेल मिला था. उस व्यक्ति ने दावा किया था कि उसने सपने में देखा है कि रहमान इस महाकाव्य के लिए संगीत तैयार कर रहे हैं.
उस घटना को याद करते हुए, एआर रहमान ने दर्शकों को बताया कि 2014 में सतीश नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया था और अपने सपने के बारे में बताया था. संदेश पढ़कर सुनाने से पहले उन्होंने कहा, 'मैं एक बात शेयर करना चाहता हूं. 2014 में, सतीश नाम के एक सज्जन ने यह बात कही थी कि मैं 'रामायण' के लिए संगीत तैयार करूंगा.'
ईमेल में लिखा था, 'आप मुझे सुबह-सुबह सपने में दिखाई दिए. मुझे यकीन है कि यह सच होगा. आप पूरे भारत और दुनिया भर में संगीत कार्यक्रम कर रहे हैं, जिनमें आप महान महाकाव्य 'रामायण' को प्रस्तुत कर रहे हैं.'
रहमान अब 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' (Ramayana: Rise of a Legend) का हिस्सा हैं. वाल्मीकि के महाकाव्य पर आधारित यह फिल्म दो पार्ट में बनने वाली एक लाइव-एक्शन फिल्म है. वे ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस ज़िमर के साथ मिलकर इसका संगीत तैयार कर रहे हैं, जो हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जाते हैं.
एआर रहमान के गानों से तमिल सीखी
फिल्म में रावण का किरदार निभाने वाले यश भी चेन्नई के इस कार्यक्रम में मौजूद थे. एक्टर ने रहमान के प्रति अपना सम्मान जताया और बताया कि कैसे उनके संगीत ने उन्हें तमिल भाषा से जुड़ने में मदद की. यश ने कहा, 'हम सभी एआर रहमान सर के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. मैंने उनके गानों की वजह से ही तमिल सीखी. मैं 'जेंटलमैन' (Gentleman) फिल्म के गानों पर डांस किया करता था. तमिल इंडस्ट्री में आपका योगदान बहुत बड़ा है.'
उन्होंने आगे बताया कि उनके लिए रहमान का संगीत क्यों इतना खास है. एक्टर ने कहा, 'अगर मैं तमिल गानों को हिंदी में सुनता हूं, तो मुझे लगता है कि कुछ कमी है. मुझे खुशी है कि आप 'रामायण' के लिए संगीत तैयार कर रहे हैं और मुझे उस पर परफॉर्म करने का मौका मिल रहा है.'
एक्टर ने इस बात पर भी खुशी जताई कि उन्हें एक ऐसी फिल्म में काम करने का मौका मिला है, जिसमें रहमान का संगीत शामिल है. 'जब मैंने रावण का किरदार निभाया, तो कई लोगों ने पूछा कि आप रावण का रोल क्यों करना चाहते हैं, क्योंकि हम सभी जानते हैं कि अंततः यह सबसे नफरत किया जाने वाला किरदार है. लेकिन मैं बस इतना कह सकता हूं कि हम सभी बस एक किरदार निभा रहे होते हैं. हर जगह अलग-अलग तरह की ऊर्जा होती है. इस गाने ने मुझे वह ऊर्जा दी. रावण का किरदार निभाते समय मैंने शिव जी का यह गाना सुना. एआर रहमान सर, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद कि आपने मुझे इतना शानदार गाना दिया. मैं पहले भी शिव जी के कई गाने सुनता था, और अब मैं यह 'शिव तांडव' सुनता हूं, जिससे मुझे ऊर्जा मिलती है.'
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म दिवाली के मौके यानी 5 नवंबर को रिलीज होने वाली है. फिल्म की कास्ट में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के रूप में साई पल्लवी, रावण के रूप में यश, हनुमान के रूप में सनी देओल और लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे शामिल हैं. इनके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और काजल अग्रवाल भी इस फिल्म का हिस्सा हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क