अमिताभ बच्चन को प्यार करने वाले इतने ज्यादा लोग हैं कि जब उनसे जुड़ी कोई खबर सामने आती है, तो वो थोड़े समय के लिए थम से जाते हैं. बीते दिनों ऐसी रिपोर्ट्स सामने आईं कि अमिताभ बच्चन अस्पताल में काफी दिनों से भर्ती हैं. इस बात से कई लोगों की चिंता बढ़ गई थी. लेकिन ये सभी दावे झूठे साबित हुए.
अमिताभ अस्पताल में भर्ती नहीं थे, बल्कि वो रूटीन चेकअप के लिए वहां गए थे जिसके बाद वो तुरंत घर भी लौट आए थे. इसके बाद एक्टर के सोशल मीडिया पर ट्वीट भी देखे गए. बिग बी ने उसी दौरान इंटरनेट पर ब्लॉग भी लिखा, जिससे उनके चाहने वालों को बड़ी राहत मिली. एक्टर के स्वस्थ होने की बात से कई लोगों को राहत मिली.
करोड़ों में है अमिताभ बच्चन की संपत्ति
अमिताभ बच्चन बॉलीवुड इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं, जो 83 की उम्र में भी लगातार काम करते हैं. पिछले छह दशक से वो फिल्मों में काम करके लोगों को एंटरटेन कर रहे हैं. कई सारी फिल्में करने के बाद उनकी संपत्ति की भी चर्चा होती रहती है. अमिताभ के एक वीडियो को काफी सुना जाता है, जिसमें उन्होंने एक बार अपनी संपत्ति पर खुलकर बात की थी.
साल 2011 में एक इंटरव्यू के दौरान अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया था कि जब वो इस दुनिया में नहीं रहेंगे, तब उनकी सारी संपत्ति बेटे अभिषेक और बेटी श्वेता में बराबर बांट दी जाएगी. उन्होंने कहा था- जब मेरा निधन होगा, जो थोड़ा बहुत मेरे पास बचा होगा वो मेरे बेटे और बेटी में बांट दिया जाएगा. दोनों में कोई भेदभाव नहीं होगा. जया और मैंने इसका फैसला काफी समय पहले ही कर लिया था.
'हर कोई कहता है कि बेटी पराया धन होती है, वो अपने पति के घर चली जाती है. लेकिन मेरी नजरों में श्वेता मेरी बेटी है. उसका उतना ही हक बनता है, जितना अभिषेक का है.' ऐसे दावे किए जाते हैं कि अमिताभ बच्चन ने अपना बंगला जलसा अपनी बेटी श्वेता को गिफ्ट किया हुआ है, जिसकी लागत तब करीब 50 करोड़ रुपये बताई जाती है. वहीं और रिपोर्ट्स में दावा किया जाता है कि अमिताभ बच्चन की नेटवर्थ करीब 1600 करोड़ रुपये है.
अमिताभ बच्चन ने अभी तक करीब 200 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया है, जिसमें से कुछ रीजनल फिल्में भी शामिल हैं. अब वो जल्द पैन-इंडिया फिल्म कल्कि 2 में नजर आएंगे, जिसकी फिलहाल शूटिंग पूरे जोरों-शोरों से चल रही है. ये फिल्म अगले साल यानी 2027 में रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क