धुरंधर पार्ट 1 के बाद फैंस को इंतजार था कब वो अपने फेवरेट स्टार अक्षय खन्ना को सिल्वर स्क्रीन पर दहाड़ते हुए देखेंगे. रहमान डकैत के रोल में जो रौला अक्षय ने मचाया था, उसे वो मूवी इक्का में नहीं देख सके. लेकिन अब एक्टर ने सारी कसर को फिल्म महाकाली में पूरा कर दिया है. साउथ मूवी का टीजर रिलीज हो चुका है. इसमें अक्षय खन्ना का भौकाल देखने को मिल रहा है.
अक्षय खन्ना का दमदार काम
2 मिनट 53 सेकंड के ट्रेलर में अक्षय असुर गुरु शुक्राचार्य के किरदार में दिख रहे हैं. ये फिल्म सिनेमाघरों में अगले साल 8 जनवरी को रिलीज होगी. ट्रेलर में असुरों के खिलाफ हुए अधर्म को हाईलाइट किया गया है. कैसे शुक्राचार्य ने असुरों के हक के लिए देवताओं से लड़ाई की, कहानी का फोकस इसी लाइन पर है. ट्रेलर एक नवजात बच्चे की रोने की आवाज से शुरू होता है. फिर अक्षय खन्ना की शुक्राचार्य के लुक में धमाकेदार एंट्री होती है.
वो कहते हैं- समुद्र मंथन के समय देवों और असुरों के समान श्रमदान करने के पश्चात विष्णु ने केवल देवों को अमृत प्रदान किया. ये धर्म है या अधर्म? इंद्र के सिंहासन का अधिकार हमसे छीन लिया गया. ये धर्म है या अधर्म? समस्त असुर जाति को पाताल में धकेलकर 14 लोक के द्वार बंद कर दिए गए. ये धर्म है या अधर्म? केवल 14 दिनों में असुरों का विजय घोष हमारे कानों में गूंज उठेगा. सदैव के लिए असुरगण मुक्त हो जाएंगे.
टीजर में अक्षय का एक सीन है जिसमें वो रक्तबीज को मानव जाति का सर्वनाश करने का आदेश देते हैं. इस सीन को अक्षय पावरफुल लगे हैं. शुक्राचार्य के लुक में अक्षय खन्ना को पहचानने में कोई भी गच्चा खा जाए. लीन बॉडी, दाढ़ी-मूंछ, माथे पर तिलक, लंबे बालों में अक्षय को देखकर रोंगटे खड़े होते हैं. जितना इंपैक्ट उनका लुक क्रिएट करता है, उतनी ही माइंडब्लोइंग उनकी स्क्रीन प्रेजेंस है. फिल्म का ट्रेलर लोगों को पसंद आया है. आखिरी सीन में महाकाली का रोल प्ले कर रही एक्ट्रेस श्रिया रेड्डी की झलक देखने को मिलती है. वो शक्तिशाली अवतार में दिखी हैं.
महाकाली मूवी को प्रशांत वर्मा ने क्रिएट किया है. वहीं फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लुरु ने किया है. मूवी में भूमि शेट्टी और रोहित सराफ भी अहम रोल में दिखेंगे. सबसे खास बात ये है कि इस फिल्म के साथ अक्षय खन्ना ने साउथ डेब्यू किया है. फैंस को उम्मीद है बॉलीवुड के बाद वो साउथ में भी राज करेंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क