असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अब काफी तेज हो गई हैं. इसी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोकराझार में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम की वजह से वो वहां नहीं पहुंच पाए. इसके चलते पीएम मोदी ने गुवाहाटी से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनता से संवाद किया.
अपने भाषण के दौरान उन्होंने साफ कहा कि आज का असम शांति और विकास का नया अध्याय लिख रहा है. कोकराझार न पहुंच पाने पर उन्होंने लोगों से माफी मांगी और कहा कि भले ही वो दूर हैं, लेकिन वहीं से सबके दर्शन कर रहे हैं.
'असम की जनता का प्यार मेरे ऊपर कर्ज'
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी काफी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि असम के लोगों ने उन्हें जो प्यार दिया है, वो उनके लिए एक कर्ज जैसा है. अपनी बात आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, 'मेरी हमेशा यही कोशिश रही है कि आपकी सेवा करके और इस इलाके का विकास करके मैं आपका यह कर्ज उतार सकूं.' इस मौके पर उन्होंने बोडो समाज की भी खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि जिस तरह इस समुदाय ने अपनी भाषा और संस्कृति को बचाकर रखा है, उस पर पूरे देश को गर्व है.
यह भी पढ़ें: घुसपैठ असली मुद्दा या सिर्फ चुनावी दांव? पंचायत आजतक असम में उठा सवाल
4,500 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की दी सौगात
विकास की रफ्तार पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने बताया कि आज इस क्षेत्र के लिए 4,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है. इसमें से 1,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की बड़ी राशि सिर्फ बोडोलैंड की सड़कों को बेहतर बनाने पर खर्च होगी. उन्होंने विश्वास जताया कि असम माला अभियान के तीसरे चरण से राज्य में सड़कों का जाल और मजबूत होगा, जिससे कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी.
बंदूक के साये से बाहर निकला बोडोलैंड
पुराने दिनों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कोकराझार सहित इस पूरे इलाके ने बीते दशकों में बहुत कुछ सहा है. एक समय ऐसा भी था जब इन पहाड़ियों में सिर्फ बम और बंदूक की आवाजें ही गूंजती थीं, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. उनके मुताबिक आज बोडोलैंड हिंसा का रास्ता छोड़ शांति और तरक्की की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. इस बदलाव ने यहां के स्थानीय लोगों के जीवन में एक नई उम्मीद जगाई है और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का रास्ता भी साफ कर दिया है.
यह भी पढ़ें: घुसपैठ असली मुद्दा या सिर्फ चुनावी दांव? पंचायत आजतक असम में उठा सवाल
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
चुनावी माहौल के बीच उन्होंने कांग्रेस को 'झूठे वादों की दुकान' करार दिया. उनका कहना था कि कांग्रेस एक झूठे वादे के साथ 4 सुपर झूठ मुफ्त में गिफ्ट देती है, क्योंकि उनका इरादा कभी काम करने का होता ही नहीं. इसके उलट भाजपा-NDA सरकार ने जो कहा, उसे सच करने की कोशिश की है.
इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी ने असम और देश की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ किया है. उनके मुताबिक, कांग्रेस ने हमेशा घुसपैठियों का साथ देकर यहां की 'रोटी, बेटी और माटी' को खतरे में डाला और दशकों तक मूल निवासियों को उनकी ही जमीन के हक से दूर रखा. उन्होंने बताया कि घुसपैठ की वजह से बोडोलैंड का संतुलन तक बिगड़ने लगा था, लेकिन अब हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन को वापस लेने का बड़ा अभियान चल रहा है.
aajtak.in