चुनाव आते ही बढ़ जाती है ED-CBI की कार्रवाई', BJP पर बरसे सीएम भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने मामले में सीबीआई जांच को लेकर कहा कि वह जांच से नहीं डरते और उनकी सरकार हर जांच का सामना करने के लिए तैयार है.

Advertisement
पंचायत आजतक में भगवंत मान का केंद्र पर बड़ा आरोप (Photo-ITG) पंचायत आजतक में भगवंत मान का केंद्र पर बड़ा आरोप (Photo-ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:29 PM IST

'पंचायत आजतक पंजाब' में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि चुनाव के समय विपक्षी नेताओं और राज्यों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई बढ़ जाती है. उन्होंने झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि कई राज्यों में चुनाव से कुछ महीने पहले विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई की कार्रवाई हुई.

Advertisement

अपने मामले में सीबीआई जांच के हाईकोर्ट के आदेश पर मान ने कहा कि वह अदालत के आदेश का सम्मान करते हैं, लेकिन सवाल यह है कि जांच में इतनी जल्दबाजी क्यों हुई, उन्होंने कहा कि सीबीआई के पास कई मामले 15-15 साल से लंबित पड़े हैं, लेकिन उनके यहां कार्रवाई बहुत तेजी से हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी भी जांच से नहीं डरते और एजेंसियां जहां चाहें जांच कर सकती हैं, उनकी सरकार और पार्टी जांच का सामना करने के लिए तैयार है.

'ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग का इस्तेमाल करती है बीजेपी'

भगवंत मान ने बीजेपी पर ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं के इस्तेमाल का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आम आदमी पार्टी का आरोप नहीं है, बल्कि देश में कई विपक्षी दलों को इस तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है, मान ने महाराष्ट्र और पंजाब से जुड़े कुछ नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन नेताओं पर बीजेपी पहले गंभीर आरोप लगाती है, बाद में उन्हीं नेताओं के बीजेपी में शामिल होने पर उन्हें राजनीतिक संरक्षण और महत्वपूर्ण पद मिल जाते हैं. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: '2027 में भी AAP की सरकार', भगवंत मान ने पंचायत आजतक में गिनाए सरकार के काम

दिल्ली के नेताओं के पंजाब में दखल के आरोप पर पलटवार

पंजाब की राजनीति में दिल्ली के नेताओं की भूमिका को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी भगवंत मान ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जैसे नेता आम आदमी पार्टी के पर्यवेक्षक हैं और बैठकों के लिए पंजाब आते हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी जैसी राष्ट्रीय पार्टियां भी दिल्ली से संचालित होती हैं. इसलिए सिर्फ आम आदमी पार्टी पर दिल्ली से पंजाब की राजनीति चलाने का आरोप लगाना सही नहीं है.

मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब केवल दिल्ली तक सीमित पार्टी नहीं है. पार्टी गुजरात, गोवा और जम्मू-कश्मीर समेत दूसरे राज्यों में भी चुनाव लड़ चुकी है.

पार्टी में टूट की अटकलों पर मान बोले- 'आप में कोई गुटबाजी नहीं'

आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई में संभावित टूट और चुनाव के बाद नेताओं के पार्टी छोड़ने की अटकलों पर भगवंत मान ने कहा कि उनकी पार्टी में गुटबाजी नहीं है और अनुशासन मजबूत है. उन्होंने कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी पार्टी में ऐसा माहौल नहीं है. मान ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी में न तो अलग-अलग गुट हैं और न ही कई चेहरे मुख्यमंत्री पद की दावेदारी कर रहे हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और पार्टी के दोबारा सत्ता में आने को लेकर उन्हें भरोसा है. मान ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी में फिलहाल ऐसा कोई आंतरिक संघर्ष नहीं है और पार्टी पूरी तरह अनुशासित तरीके से चुनाव की तैयारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: 'BJP बंदे खाने वाली पार्टी... नीतीश-उद्धव के बाद अब चिराग की बारी', CM भगवंत मान ने भाजपा पर साधा निशाना

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »