उत्तर प्रदेश के MLC चुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोला है. लखनऊ में उन्होंने चुनाव में जीतकर आए पार्टी के उम्मीदवारों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों को भी मंच पर जगह दी गई.
सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि इस MLC चुनाव में बीजेपी का पूरा गणित गड़बड़ा गया है. अब समाजवादी पार्टी PDA की ताकत को और बढ़ाएगी. उन्होंने दावा किया कि सपा जनता के समर्थन से जीती है, जबकि बीजेपी ने छल से छह सीटें हासिल की हैं.
अखिलेश ने चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी. उन्होंने कहा कि वोटिंग और काउंटिंग के दिन पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिम्मत दिखाई. यह सिर्फ शुरुआत है. आने वाले समय में कार्यकर्ता और तेजी से काम करेंगे. इस बार पासी, कायस्थ, व्यापारी समेत समाज के अलग-अलग वर्ग सपा के साथ आए हैं.
'रात भर जागकर हासिल की जीत'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में लखनऊ खंड स्नातक से जीतीं कांति सिंह ने आरोप लगाया कि चुनाव में सपा को काफी वोट मिले. लेकिन कई तरह की समस्याएं पैदा की गईं और बूथ कैप्चरिंग भी कराई गई. इसके बावजूद पार्टी को बड़ी संख्या में वोट मिले. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर इसी तरह काम करते रहेंगे.
वाराणसी खंड स्नातक से जीते आशुतोष सिन्हा ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार के मेयर और दूसरे लोगों को भी सड़क पर बैठना पड़ा. इसके बावजूद सपा कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी. वे रात-रात भर जागे और मेहनत की.
आगरा खंड स्नातक से जीते आकाश अग्रवाल ने भी चुनाव में गड़बड़ियों का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अगर अनियमितताएं नहीं होतीं तो सपा कम से कम आठ सीटें जीत सकती थी. उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान उन पर हमला भी हुआ और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बचाया.
वहीं वाराणसी खंड शिक्षक सीट से जीते लाल बिहारी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान अधिकारियों और पुलिस ने पार्टी के पदाधिकारियों को परेशान किया. उन्होंने कहा कि मतदान के दिन भी कई जगह छापेमारी की गई.
गोरखपुर से चुनाव हारने वाले संजय त्रिपाठी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे. उन्होंने कहा कि मंच पर वह अकेले ऐसे उम्मीदवार हैं जो चुनाव हारकर आए हैं. उन्होंने अखिलेश यादव का साथ और भरोसा देने के लिए धन्यवाद किया. त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि उन्हें हराने के लिए पूरी सरकारी मशीनरी लगा दी गई थी. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है.
'डबल इंजन डबल जीरो हो गया'
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग डबल इंजन की बात करते थे, वाराणसी की जनता ने उन्हें डबल जीरो कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के खिलाफ महिलाओं ने भी वोट किया. अखिलेश ने कहा कि यह चुनाव भाईचारे और सद्भावना का संदेश दे रहा है. उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा होने पर बीजेपी को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा.
अमित शाह के बयान पर भी अखिलेश ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हार और जीत भाषणों से तय नहीं होती, बल्कि जनता तय करती है. उन्होंने कहा कि आगे की लड़ाई सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए होगी.
समर्थ श्रीवास्तव