राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने आखिरकार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2026 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है.
एक सवाल की उत्तर कुंजी में बदलाव के बाद बोर्ड ने लाखों उम्मीदवारों के अंकों की दोबारा गणना कर नई मेरिट लिस्ट और संशोधित कटऑफ जारी की है. ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी थी, उनके लिए अपना नया रिजल्ट और मेरिट स्टेटस दोबारा जांचना बेहद जरूरी हो गया है.
दरअसल, बोर्ड ने बताया कि भर्ती परीक्षा के प्रश्न संख्या-108 के उत्तर को लेकर आपत्तियों की समीक्षा की गई. विशेषज्ञों की राय और बोर्ड बैठक में लिए गए फैसले के बाद इस प्रश्न की उत्तर कुंजी में संशोधन किया गया. इसके बाद प्रभावित अभ्यर्थियों के अंकों की दोबारा गणना की गई, जिससे मेरिट लिस्ट, कटऑफ और कई उम्मीदवारों की रैंक में बदलाव हो गया.
इस बदलाव का सबसे अधिक असर परीक्षा की दूसरी शिफ्ट में शामिल अभ्यर्थियों पर पड़ा है. बोर्ड ने संशोधित परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है. उम्मीदवार वेबसाइट पर जाकर चार अलग-अलग PDF फाइलों में अपना परिणाम, रोल नंबर और संशोधित मेरिट सूची देख सकते हैं.
जिन अभ्यर्थियों ने पहले अपना परिणाम देख लिया था, उन्हें भी अब दोबारा रिजल्ट जांचने की सलाह दी गई है, क्योंकि संशोधित मेरिट के बाद चयन और प्रतीक्षा सूची दोनों में बदलाव हुआ है. दरअसल यह भर्ती राजस्थान की अब तक की सबसे बड़ी सरकारी भर्तियों में शामिल है. इसके तहत 53,749 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं.
इस परीक्षा का आयोजन 19, 20 और 21 सितंबर 2025 को प्रदेश के 38 जिलों में किया गया था. परीक्षा में 21,17,198 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, जिससे यह राज्य की सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में से एक बन गई. संशोधित परिणाम जारी होने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा.
शरत कुमार