बिक गई Unacademy, यूट्यूब चैनल से हुई थी शुरुआत, किसी ने छोड़ा IAS का पद तो किसी ने नौकरी का किया त्याग  

कभी यूट्यूब चैनल के जरिए पढ़ाने और सीखने का सफर शुरू करने वाली अनएकेडमी अब एक बड़ी डील का हिस्सा बन चुकी है. अपग्रेड ने Unacademy को करीब 200 मिलियन डॉलर में खरीद लिया है. दिलचस्प बात यह है कि जिस प्लेटफॉर्म ने एडटेक की दुनिया में अपनी पहचान बनाई, उसकी शुरुआत किसी बड़े ऑफिस या भारी निवेश से नहीं बल्कि एक यूट्यूब चैनल से हुई थी.

Advertisement
कैसे शुरू हुआ था Unacademy का सफर. कैसे शुरू हुआ था Unacademy का सफर.

आजतक एजुकेशन डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 02 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:24 PM IST

अनएकेडमी की कहानी तीन दोस्तों गौरव मुंजाल, रोमन सैनी और हिमेश सिंह से जुड़ी है. तीनों ने अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने के बाद साथ आकर इस स्टार्टअप को खड़ा किया और इसे एक बड़े एडटेक प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया. अनएकेडमी के को-फाउंडर और सीईओ गौरव मुंजाल ने 1 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए डील की पुष्टि की.

Advertisement

उन्होंने इस दौरान कहा कि इस समझौते के साथ दोनों कंपनियां के बीच महीनों से चल रही बातचीत खत्म हो गई. अपग्रेड ने इसे 200 मिलियन में खरीद लिया है. लेकिन आपको इसकी शुरुआत की कहानी मालूम है? ये स्टार्टअप बना और एडुटेक प्लेटफॉर्म के रूप में इसने नाम कमाया. लेकिन सवाल ये है कि आखिर इसकी शुरुआत कैसे हुई किसने की और क्या कहानी रही है? 

IAS की नौकरी छोड़कर आए रोमन सैनी

Unacademy की कहानी में रोमन सैनी का सफर सबसे अलग नजर आता है. दावा किया जाता है कि उन्होंने 16 साल की उम्र में AIIMS की भर्ती परीक्षा पास कर AIIMS दिल्ली से MBBS की पढ़ाई पूरी की और बाद उन्होंने AIIMS के राष्ट्रीय नशा मुक्ति उपचार केंद्र (NDDTC) में काम किया. लेकिन छह महीने बाद ही नौकरी से इस्तीफा दे दिया और UPSC की तैयारी शुरू कर दी.

Advertisement


UPSC की तैयारी के लिए रोमन सैनी ने करीब एक साल तक पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने परीक्षा पास कर IAS अधिकारी के रूप में काम शुरू किया.  करीब 1 साल 8 महीने तक सेवा देने के बाद उन्होंने IAS की नौकरी छोड़ दी और अपने दोस्तों के साथ मिलकर Unacademy को आगे बढ़ाने पर काम शुरू किया. 

यूट्यूब चैनल से निकली Unacademy

गौरव मुंजाल ने साल 2010 में यूट्यूब पर एक चैनल शुरू किया था. शुरुआत में वह इस चैनल के जरिए लोगों को ग्राफिक डिजाइनिंग सिखाते थे. पढ़ाई के लिए मुंबई जाने के बाद भी उन्होंने वीडियो बनाना और उन्हें चैनल डालना जारी रखा. 
बीटेक पूरा करने के बाद गौरव ने Flatchat नाम से अपना स्टार्टअप शुरू किया और बाद में Directi में नौकरी भी की. इसके बावजूद उन्होंने अपना चैनल बंद नहीं किया.

समय के साथ चैनल पर प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े वीडियो भी अपलोड किए जाने लगे. इसी दौरान गौरव की मुलाकात रोमन सैनी और हिमेश सिंह से हुई. तीनों ने मिलकर इस काम को एक बड़े प्लेटफॉर्म में बदलने का फैसला किया. इसी कोशिश के बाद 10 दिसंबर 2015 को Unacademy की शुरुआत हुई. 

हिमेश सिंह ने संभाली तकनीकी जिम्मेदारी

इस सफर में हिमेश सिंह की भूमिका भी अहम रही. गौरव मुंजाल और हिमेश पहले भी साथ काम कर चुके थे. दोनों ने मिलकर Flatchat नाम का स्टार्टअप शुरू किया था, जिसे बाद में बेच दिया गया. Unacademy में हिमेश ने तकनीकी पक्ष को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. तीनों दोस्तों के अनुभव और अलग-अलग क्षमताओं ने मिलकर एक ऐसे स्टार्टअप की नींव रखी, जिसने आगे चलकर एडटेक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »