देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित प्रोफेशनल परीक्षाओं में से एक सीए (CA) इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे आ चुके हैं, और इस बार गुजरात के सूरत शहर के एक होनहार छात्र ने वह कर दिखाया है जो लाखों छात्रों का सपना होता है. सूरत के प्रेम अग्रवाल ने देश भर में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3 हासिल कर अपनी सफलता का परचम लहराया है.
प्रेम ने इस परीक्षा में कुल 600 में से 490 अंक (81.67 प्रतिशत) हासिल किए हैं. देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक में टॉप-3 में जगह बनाना कोई मामूली बात नहीं है, और इसके पीछे उनकी कई महीनों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और पक्का इरादा छिपा है.
क्या है प्रेम की सफलता का राज?
प्रेम की इस शानदार कामयाबी के पीछे रोज की 8 से 10 घंटे की पढ़ाई, अनुशासित टाइम मैनेजमेंट, रेगुलर रिवीजन और लगातार मॉक टेस्ट देने की आदत शामिल है. उनके शिक्षकों और परिवार का साथ भी इस सफर में बेहद अहम रहा.
प्रेम का मानना है कि किसी भी बड़े लक्ष्य को पाने के लिए निरंतरता सबसे जरूरी है. अपने साथियों को सलाह देते हुए वे कहते हैं, 'कंसिस्टेंट रहें, अगले 6-7 महीनों तक 'कीप गोइंग' (लगे रहने) का ए एटीट्यूड बनाए रखें, और आपको सफलता जरूर मिलेगी.'
सोशल मीडिया से बनाई सख्त दूरी
आज के दौर में जहां युवा सोशल मीडिया पर घंटों रील्स देखने में गंवा देते हैं, वहीं प्रेम ने इससे बिल्कुल उलट रास्ता चुना. प्रेम के पास इंस्टाग्राम या अन्य किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अकाउंट तक नहीं था. वे पढ़ाई से जुड़े संसाधनों के लिए केवल यूट्यूब का इस्तेमाल करते थे और व्हाट्सएप पर भी उनकी बातचीत चुनिंदा लोगों तक ही सीमित थी. उनका मानना है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सिर्फ जरूरत भर और सीमित रूप से होना चाहिए, ताकि यह आपकी जिंदगी और फोकस पर हावी न हो सके.
शिक्षकों ने की जमकर तारीफ
प्रेम के शिक्षक CA आदित्य छावछरिया ने उनकी लगन की सराहना करते हुए बताया कि प्रेम अपना कोर्स हमेशा समय से पहले पूरा कर लेते थे और इंस्टीट्यूट के हर टेस्ट में शामिल होते थे. वे हमेशा टीचर्स से गाइडेंस लेते थे और टॉपिक्स को पहले से ही पढ़कर रखते थे. उनकी इसी अनुशासित तैयारी की वजह से उनके टॉप करने की उम्मीद पहले से ही थी. उनके अलावा, इसी संस्थान के कृष्ण चुघ ने भी AIR 30 हासिल कर संस्थान का मान बढ़ाया है.
AIR 3 की इस शानदार सफलता के बाद अब प्रेम अपनी आगे की आर्टिकलशिप और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के जरिए एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने के अपने सपने को पूरा करने की ओर बढ़ रहे हैं.
आजतक एजुकेशन डेस्क