कॉपी के अंत में लिखा था- 'वीडियो के लिए लिंक पर क्लिक करें', छात्रों ने ChatGPT से छापे उत्तर, यूनिवर्सिटी ने पूरे रिजल्ट पर लगाई रोक

Sagar University AI cheating: सागर यूनिवर्सिटी में परीक्षा के दौरान ChatGPT से सामूहिक नकल का खुलासा. छिंदवाड़ा के सतपुड़ा कॉलेज का रिजल्ट रोका गया. पढ़ें रिपोर्ट...

Advertisement
मोबाइल से ChatGPT कॉपी करके दे रहे थे एग्जाम.(Photo: Representational) मोबाइल से ChatGPT कॉपी करके दे रहे थे एग्जाम.(Photo: Representational)

हिमांशु पुरोहित

  • सागर/छिंदवाड़ा ,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:39 PM IST

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का गलत इस्तेमाल अब शिक्षा व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनता नजर आ रहा है. सागर के डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में परीक्षा कॉपियों की जांच के दौरान सामूहिक नकल का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. छिंदवाड़ा के सौंसर स्थित एक प्राइवेट कॉलेज के छात्रों पर ChatGPT से उत्तर लिखकर परीक्षा देने का आरोप है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित कॉलेज के सभी परीक्षा परिणामों पर रोक लगा दी है और जांच शुरू कर दी है. 

Advertisement

 मई माह में डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध 17 महाविद्यालयों में सेकंड, फोर्थ और सिक्स्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित हुई थीं. केंद्रीय मूल्यांकन प्रणाली के तहत सभी उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए सागर विश्वविद्यालय भेजी गईं. 

अर्थशास्त्र विषय की एक कॉपी जांचते समय शिक्षक को उत्तर के अंत में लिखा मिला, ''पूरे उत्तर का वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें.'' यह देखकर शिक्षक हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत परीक्षा नियंत्रक को इसकी जानकारी दी.

इसके बाद जब उसी कॉलेज की अन्य कॉपियों की जांच की गई तो सामने आया कि अधिकांश छात्रों ने लगभग एक जैसे उत्तर लिखे हैं. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि उत्तर ChatGPT से लेकर मोबाइल के माध्यम से कॉपी किए गए थे. इतना ही नहीं, यह मामला केवल एक विषय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि तीन विषयों में इसी तरह की सामूहिक नकल के संकेत मिले.

Advertisement

विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छिंदवाड़ा के सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड बायोटेक्नोलॉजी के सभी परीक्षा परिणाम रोक दिए हैं.जबकि विश्वविद्यालय और अन्य संबद्ध महाविद्यालयों के परिणाम पहले ही जारी किए जा चुके हैं.

यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क अधिकारी  विवेक जायसवाल का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है. जांच रिपोर्ट के आधार पर दोबारा परीक्षा कराने, परीक्षा केंद्र बदलने या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई जैसे कदम उठाए जा सकते हैं. इस पूरे मामले ने AI तकनीक के दुरुपयोग और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »