झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को लेकर गढ़वा जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया. जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई. परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए. केंद्रों पर सुरक्षा के साथ-साथ मेडिकल सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया था. परीक्षा की निगरानी के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की थी और डीसी पीएन मिश्रा तथा एसपी आशुतोष शेखर खुद कई केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए.
26 केंद्रों पर परीक्षा, CCTV से निगरानी
गढ़वा के गर्ल्स हाई स्कूल और गोविंद उच्च विद्यालय समेत जिले के सभी 26 केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा आयोजित की गई.उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, करीब 10 हजार परीक्षार्थी अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचे. परीक्षा को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था. इसके अलावा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मेडिकल व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई. सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहां से सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा पर नजर रखी जा रही थी. जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अलग-अलग केंद्रों का निरीक्षण किया.
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल और अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई, ताकि परीक्षा के संचालन में किसी तरह की बाधा न आए. गढ़वा के डीसी पीएन मिश्रा और एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि जिले के सभी 26 केंद्रों पर परीक्षा तय समय पर और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित की जा रही है. केंद्रों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और परीक्षा अधीक्षक मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. सीसीटीवी के जरिए भी लगातार निगरानी रखी जा रही है.
चंदन कुमार कश्यप