सीखने की कोई उम्र नहीं होती है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इस बात को साबित कर रहा है. 35 साल के बाद परीक्षा देने के लिए कॉलेज लौटीं 50 साल की महिला का यह वीडियो ऑनलाइन हजारों लोगों के दिलों को छू गया है. इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो दिखाता है कि दशकों बाद जब एक महिला अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए वापस कॉलेज लौटती है तो, उसके चेहरे पर अलग ही खुशी रहती है. इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स महिला की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उसका हौसला बढ़ा रहे हैं.
इसे देखने के बाद कुछ यूजर्स ये भी कह रहे हैं कि पढ़ाई करने की कोई उम्र नहीं होती है. वीडियो में महिला कॉलेज में जाते दिखाई दे रही है जिसके चारों ओर कम उम्र के बच्चे दिखाई दे रहे हैं. उम्र में अंतर के बावजूद वह बेहद खुश और प्रेरित दिखाई दे रही है.
वीडियो का कैप्शन भी है खास
बता दें कि वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन भी लिखा है जो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. उसमें लिखा है कि 35 साल बीत गए हैं और आप अभी भी अपने पुराने पेपर्स क्लियर कर रही हैं, जो उनकी शैक्षणिक यात्रा को दर्शाता है. वीडियो बनाने वाले ने यह भी लिखा है कि शिक्षा की कोई सीमा तय नहीं होती है. इसके बाद महिला कैमरे की ओर देखकर कहती है कि दोस्तों, आज मेरा एग्जाम है और परीक्षा से पहले होने वाली उत्सुकता और घबराहट को जाहिर करती है.
यूजर्स दे रहे हैं जमकर प्रतिक्रिया
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसे हजारों लाइक्स, कमेंट्स और शेयर मिले. कई यूजर्स ने इतने लंबे समय के बाद पढ़ाई फिर से शुरू करने के लिए महिला की सराहना की, जबकि अन्य ने उनके सफर को प्रेरणादायक बताया. कई यूजर्स ने पोस्ट पर हौसला बढ़ाने वाले शब्दों की बौछार कर दी. एक यूजर ने लिखा कि शुभकामनाएं! जबकि दूसरे ने कमेंट किया कि आंटी, आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं. मुझे आप पर बहुत गर्व है.
आजतक एजुकेशन डेस्क