विदेशी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए भारत में ही करियर बनाने का एक नया मौका सामने आया है. ब्रिटेन की चार यूनिवर्सिटीज भारत में पढ़ रहे अपने पोस्टग्रेजुएट छात्रों के लिए पहली बार संयुक्त प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करने जा रही हैं. इसके जरिए 250 से ज्यादा छात्रों को डिग्री पूरी होने से पहले ही नौकरी पाने का मौका मिल सकता है. खास बात यह है कि इस प्लेसमेंट में फाइनेंस, टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मैनेजमेंट और क्रिएटिव इंडस्ट्री जैसे सेक्टर में छात्र हिस्सा ले रहे हैं.
कौन-कौन सी यूनिवर्सिटी होंगी शामिल?
इस जॉइंट प्लेसमेंट ड्राइव में ब्रिटेन की चार यूनिवर्सिटी के भारतीय कैंपस हिस्सा लेंगे. इनमें-
यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल का मुंबई एंटरप्राइज कैंपस
यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क, मुंबई
यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल, बेंगलुरु
यूनिवर्सिटी ऑफ एबरडीन, मुंबई
इस पहल को ग्लोबल एजुकेशन कंपनी Emeritus आयोजित कर रही है. इसे UK Universities Placement Week के नाम से जाना जा रहा है. यह पहली बार है जब ये चारों यूनिवर्सिटी अपने शुरुआती पोस्टग्रेजुएट बैच के छात्रों के लिए एक साथ प्लेसमेंट का आयोजन करेंगी.
250 से ज्यादा छात्रों को मिलेगा मौका
इस प्लेसमेंट ड्राइव में चारों यूनिवर्सिटी के 250 से ज्यादा पोस्टग्रेजुएट छात्र हिस्सा लेंगे. ये छात्र 2027 में अपनी डिग्री पूरी करेंगे. इनमें फ्रेश ग्रेजुएट्स के साथ ऐसे प्रोफेशनल्स भी शामिल हैं, जिनके पास पहले से करीब 2.4 से 3 साल तक का काम करने का अनुभव है. छात्रों की पढ़ाई और अनुभव फाइनेंस, बैंकिंग, IT, कंसल्टिंग, ऑडिटिंग, अकाउंटिंग, सेल्स, मार्केटिंग, बिजनेस एनालिटिक्स, मीडिया और डिजाइन जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं.
नवंबर के आखिर में होगा प्लेसमेंट वीक
UK Universities Placement Week नवंबर 2026 के आखिर तक आयोजित किया जाएगा. इसमें शामिल कंपनियां छात्रों का इंटरव्यू लेकर उन्हें नौकरी के ऑफर दे सकेंगी. खास बात यह है कि कंपनियां छात्रों को उनकी डिग्री पूरी होने से पहले ही ऑफर लेटर जारी कर सकती हैं. इसमें हिस्सा लेने की इच्छुक कंपनियों को नवंबर के मध्य तक अपनी हायरिंग जरूरतें बतानी होंगी. इसके बाद एक सेंट्रलाइज्ड प्लेसमेंट कमेटी कंपनियों के आवेदन और भर्ती से जुड़ी जरूरतों की समीक्षा करेगी.
यूनिवर्सिटीज उपलब्ध पदों के हिसाब से छात्रों की प्रोफाइल देखेंगी और योग्य उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करेंगी. इसके बाद चुनी गई कंपनियां मुंबई और बेंगलुरु के चारों कैंपस के छात्रों का ऑनलाइन या ऑफलाइन इंटरव्यू ले सकेंगी.
किस तरह की पढ़ाई कर रहे हैं छात्र?
इस प्लेसमेंट ड्राइव में फाइनेंस, टेक्नोलॉजी, AI, मैनेजमेंट और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जुड़े कोर्स के छात्र शामिल होंगे. इन यूनिवर्सिटीज के कैंपस में पढ़ाई ब्रिटेन स्थित उनकी मूल यूनिवर्सिटी के तैयार किए गए पाठ्यक्रम के आधार पर होती है. साथ ही अकादमिक मूल्यांकन के मानक भी मूल कैंपस के अनुरूप रखे जाते हैं.
इन संस्थानों का फोकस छात्रों को इंडस्ट्री की जरूरतों के मुताबिक तैयार करने पर है. इसके लिए उन्हें लाइव प्रोजेक्ट, प्रैक्टिकल असाइनमेंट और कंपनियों के कामकाज से जुड़ने के अवसर भी दिए जाते हैं.
कंपनियों को भी मिलेगा हायरिंग का नया मौका
आमतौर पर भारत में कई कंपनियों का कैंपस प्लेसमेंट सीजन अगस्त या सितंबर तक पूरा हो जाता है. ऐसे में नवंबर में होने वाला यह प्लेसमेंट वीक कंपनियों को भर्ती का एक अतिरिक्त अवसर दे सकता है. इसके जरिए कंपनियां छात्रों की पढ़ाई पूरी होने से पहले ही उनकी प्रतिभा और स्किल को परख सकेंगी. वहीं, छात्रों को भी डिग्री पूरी होने से पहले नौकरी पाने की संभावना मिलेगी. हालांकि, प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने का मतलब नौकरी की गारंटी नहीं है. उम्मीदवारों का चयन कंपनियों की जरूरतों, शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर होगा.
आजतक एजुकेशन डेस्क