5 दिन की छुट्टी, फिर 3 दिन का WFH, दिवाली पर कंपनी ने किया ऐलान, लोग पूछ रहे- खाली है क्या वैकेंसी

दिवाली या कोई भी त्योहार आते ही कर्मचारियों की लाइन छुट्टी मांगने के लिए लग जाती है. लेकिन सोशल मीडिया पर एक कंपनी को लेकर चर्चा  हो रही है, जिसमें उन्हें लंबी छुट्टी मिली है. इसके बाद से यूजर्स सवाल कर रहे हैं कि इस कंपनी में कोई वैकेंसी है?   

Advertisement
इस कंपनी को मिली दिवाली पर तगड़ी छुट्टी. इस कंपनी को मिली दिवाली पर तगड़ी छुट्टी.

आजतक एजुकेशन डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:09 PM IST

दिवाली का त्योहार आते ही नौकरीपेशा लोगों के मन में सबसे पहले छुट्टियों का सवाल आता है. कई लोग त्योहार पर घर जाने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए छुट्टियों का इंतजार करते हैं. ऐसे में एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए ऐसा शेड्यूल जारी किया है जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. कंपनी ने दिवाली के आसपास लगातार पांच दिन का ब्रेक दिया है. इतना ही नहीं इसके बाद तीन दिन घर से काम करने की सुविधा भी दी गई है.

Advertisement

यह मामला CareerPartner कंपनी का है. कंपनी में एसोसिएट रिक्रूटमेंट कंसल्टेंट के पद पर काम करने वाली शिवानी सिंह ने LinkedIn पर छुट्टियों से जुड़े एक ईमेल का स्क्रीनशॉट शेयर किया है. इसमें नवंबर महीने के लिए कर्मचारियों का फेस्टिव शेड्यूल बताया गया है. इस ऐलान के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कंपनी की तारीफ की और अपने ऑफिस की छुट्टियों से इसकी तुलना भी की.

धनतेरस से भाई दूज तक लगातार पांच दिन का ब्रेक

कंपनी के ईमेल के मुताबिक, कर्मचारियों को 6 नवंबर यानी शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर छुट्टी मिलेगी. इसके बाद 7 नवंबर को छोटी दिवाली और 8 नवंबर को दिवाली के दिन शनिवार और रविवार का वीकेंड रहेगा. वहीं, 9 नवंबर यानी सोमवार को गोवर्धन पूजा और 10 नवंबर यानी मंगलवार को भाई दूज के मौके पर भी छुट्टी का ऐलान किया गया है. इस तरह कर्मचारियों को 6 से 10 नवंबर तक लगातार पांच दिन का ब्रेक मिलेगा. इसमें तीन दिन त्योहारों की छुट्टी और दो दिन नियमित वीकेंड शामिल है.

Advertisement

छुट्टियों के बाद तीन दिन वर्क फ्रॉम होम

इसके साथ ही कंपनी ने त्योहारों की छुट्टियों के बाद भी कर्मचारियों को राहत दी है. ईमेल के अनुसार, 11, 12 और 13 नवंबर को कर्मचारी ऑफिस आने के बजाय घर से काम कर सकेंगे. इन तीनों दिनों के लिए कंपनी ने हल्का वर्कलोड रखने की बात भी कही है. इसके बाद 14 और 15 नवंबर को शनिवार और रविवार का नियमित वीकेंड रहेगा. यानी कर्मचारियों को त्योहारों के बाद भी घर से काम करने और आराम करने का मौका मिलेगा.

LinkedIn पर कर्मचारी ने शेयर की खुशी

शिवानी सिंह ने कंपनी के इस ऐलान का स्क्रीनशॉट LinkedIn पर साझा किया. उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि इतनी सारी छुट्टियां मिलने की खुशी शब्दों में बताना मुश्किल है. उन्होंने CareerPartner का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह ऐसी कंपनी का हिस्सा बनकर खुश हैं, जो कर्मचारियों की खुशी को इतनी अहमियत देती है.

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया 

शिवानी की पोस्ट पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी. कुछ यूजर्स ने इस शेड्यूल को शानदार बताया, तो कुछ ने अपने ऑफिस में मिलने वाली छुट्टियों का जिक्र किया. एक यूजर ने लिखा कि नवंबर में उनके यहां रविवार के अलावा कोई छुट्टी नहीं है. वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक में कंपनी से नौकरी देने की अपील कर दी. कुछ लोगों ने कर्मचारियों को खुशकिस्मत बताया. वहीं, कुछ अन्य यूजर्स ने कहा कि क्या कंपनी में वैकेंसी खाली है? हालांकि, यह छुट्टियों का शेड्यूल CareerPartner के कर्मचारियों के लिए है.  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »